रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में धमाकेदार शुरुआत की थी। डिफेंडिंग चैंपियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को बड़े अंतर से हराया। टीम अजेय लग रही थी। हालांकि इसके बाद उसे अगले 4 मैचों में से 2 में हार का सामना करना पड़ा है, जिससे टीम की कमजोरी खुलकर सामने आ गई है। RCB को छठे गेंदबाज की कमी खल रही है। रोमारियो शेफर्ड अब तक इस भूमिका में फेल रहे हैं। वह 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी ओवर में 14 रन डिफेंड करने में नाकाम रहे थे।
शेफर्ड का बल्ला भी शांत
RCB ने शेफर्ड को सभी 6 मैचों में मैदान पर उतारा है। इनमें से 5 मैचों में उनकी गेंदबाजी की बारी आई है, जिसमें वह 3 ही विकेट ले पाए हैं। गौर करने वाली बात है कि उन्होंने ये तीनों विकेट SRH के खिलाफ ओपनिंग मैच में लिए थे। इसके बाद से वह खाली हाथ हैं। बल्लेबाजी में उन्हें उतना मौका नहीं मिला है लेकिन वह 4 पारियों में 156 के स्ट्राइक रेट से 39 रन ही बना पाए हैं।
शेफर्ड ने पिछले सीजन RCB की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने फाइनल में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट निकाला था, जो टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। RCB ऐसे ही प्रदर्शन के लिए उन्हें लगातार खिला रही है लेकिन वह उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहे हैं। ऐसे में उनकी जगह जैकब बेथेल को प्लेइंग-XI में लाने की बात चल रही है। RCB के हेड कोच एंडी फ्लावर ने शेफर्ड का समर्थन किया है लेकिन टीम संतुलन के लिए अब बेथेल के नाम पर चर्चा शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: भारत से पहले पाकिस्तान के लिए खेले थे सचिन तेंदुलकर? रोचक है कहानी
बेथेल को खिलाने पर क्यों फंस रहा है पेंच?
शेफर्ड फिनिशर के रोल में खेलते हैं और पेस बॉलिंग करते हैं, जबकि बेथेल टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं। बेथेल का सही उपयोग टॉप ऑर्डर में ही हो सकता है। हालांकि RCB का टॉप-4 पहले से ही तय है। वहीं बेथेल लेफ्ट आर्म स्पिन डालते हैं। माना जा रहा है कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम जैसे छोटे मैदान पर उनकी गेंदबाजी उतनी कारगर नहीं रहेगी।
यह भी पढ़ें: IPL में छक्कों का तिहरा शतक, गेल-रोहित के क्लब में शामिल होंगे कोहली?
कैसे फिट होंगे बेथेल?
इंग्लैंड के सबसे प्रतिभावान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले बेथेल को नंबर-5 पर भेजा जा सकता है। इससे लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के लिए क्रुणाल पंड्या को प्रमोट करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं अब तक फ्लॉप रहे जितेश शर्मा को बैटिंग ऑर्डर में नीचे धकेला जा सकता है, जिससे टिम डेविड जैसे बिग हिटर को ज्यादा से ज्यादा गेंद खेलने का मौका मिले। जितेश इस सीजन 5 पारियों में 47 गेंद खेलकर महज 52 रन ही बना पाए हैं, जबकि टिम डेविड ने 85 गेंद का सामना किया है और 173 रन ठोक दिए हैं।
GT के खिलाफ RCB का संभावित प्लेइंग-XII: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड/जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार
