रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार IPL खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए विराट कोहली, कप्तान रजत पाटीदार और भुवनेश्वर कुमार की जमकर तारीफ हो रही है लेकिन इनके बीच एक और शख्स है, जो शायद किसी कोने में संतुष्टि की हल्की मुस्कान बिखेर रहा होगा। इस व्यक्ति का नाम है एंडी फ्लावर। जिम्बाब्वे के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज फ्लावर RCB के हेड कोच हैं। 

 

फ्लावर ने जब अगस्त 2023 में कमान संभाली, तब RCB अपने पहले IPL खिताब की तलाश में थी। उन्होंने पर्दे के पीछे से चुप-चाप अपना काम किया और अब RCB लगातार दो सीजन में IPL चैंपियन बनने वाली तीसरी टीम है। RCB के पास स्टार खिलाड़ियों की कमी कभी नहीं रही है लेकिन वह चैंपियन नहीं बन पा रही थी। उसके पास विराट कोहली के अलावा एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल, डेल स्टेन, शेन वॉटसन, युवराज सिंह और युजवेंद्र चहल जैसे शानदार खिलाड़ी रहे लेकिन इसके बावजूद वह खिताब नहीं जीत पाई। फ्लावर ने 2024 ऑक्शन से पहले RCB से जुड़ने के बाद बेहतरीन रणनीति बनाई, जिससे टीम अजेय बन गई है।

 

यह भी पढ़ें: अब खराब रोशनी के कारण नहीं रुकेगा टेस्ट मैच, ICC ने पिंक बॉल ट्रॉयल को दी मंजूरी

चैंपियन कोच हैं फ्लावर 

फ्लावर ने अपने साथ अपार अनुभव लेकर RCB में आए थे। उन्होंने 2005 में इंग्लैंड को एशेज, भारत में टेस्ट सीरीज जीत (2012) और 2010 टी20 वर्ल्ड कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह फ्रेंचाइजी लीग में मुल्तान सुल्तांस, गल्फ जायंट्स, ट्रेंट रॉकेट्स और मराठा अरबियन्स को भी चैंपियन बना चुके हैं। 

 

RCB के हेड कोच के तौर पर माइक हेसन को रिप्लेस करने के बाद फ्लावर का ध्यान गेंदबाजी को मजबूत करने पर रहा है। IPL 2025 मेगा ऑक्शन में जब उन्होंने भुवनेश्वर कुमार पर 10.75 करोड़ रुपये की दांव लगाई, तो कई लोगों की भौंहें तन गई थीं लेकिन यह एक मास्टर-स्ट्रोक साबित हुआ। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने RCB के साथ दो IPL सीजन में 45 विकेट झटक लिए हैं और उन्होंने बॉलिंग युनिट की शानदार तरीके से अगुवाई की है।

 

यह भी पढ़ें: 'भारत की जर्सी में बड़े मुकाम बाकी हैं वैभव...' LSG के मालिक का भावुक पोस्ट

युवा टैलेंट पर भरोसा जताते हैं फ्लावर

युवा टैलेंट को मौका देने के लिए मशहूर फ्लावर ने RCB के मेंटोर दिनेश कार्तिक और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट मो बोबाट के साथ मिलकर रसिक सलाम डार, सुयश शर्मा, अभिनंदन सिंह और मंगेश यादव जैसे नए गेंदबाजों को टीम में शामिल किया। कप्तान पाटीदार ने अनुभवी सितारों और उभरती प्रतिभाओं के साथ प्रभावी ढंग से काम करने की फ्लावर की क्षमता की जमकर तारीफ की है।  

 

पाटीदार ने कहा, 'मुझे लगता है कि वह बेस्ट कोच में से एक हैं। वह सिर्फ प्लेइंग-XI में शामिल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि जो खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं या टीम में नए खिलाड़ी हैं, उन सभी के साथ काफी समय बिताते हैं। उनके लिए मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं लेकिन वह मेरे अब तक के सबसे बेहतरीन कोच हैं।' पाटीदार ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि अब टीम का कल्चर बदल गया है। खिलाड़ियों की मानसिकता में बहुत बदलाव आया है। मुझे लगता है कि इसका सारा क्रेडिट कोचिंग स्टाफ को जाता है।'