IPL 2027 से पहले 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच मार्की प्लेयर की डील पूरी हो गई है। ट्रेड डील में भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और T20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह शामिल हैं। पंजाब किंग्स टीम ने पांड्या को उनकी पुरानी फीस 16.35 करोड़ से ऊपर की रकम 18 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया है। वहीं अर्शदीप को मुंबई ने उनकी पुरानी फीस 18 करोड़ में ही अपने साथ जोड़ा है।

 

इस ट्रेड डील के पूरे होने के साथ ही हार्दिक का मुंबई के साथ दूसरी पारी भी समाप्त हो गई। हार्दिक मुंबई की टीम से 2015 में जुड़े थे, जिसके बाद उन्होंने 4 आईपीएल खिताब जीते थे। हार्दिक की ऑलराउंड क्षमता ने मुंबई को 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीतने में काफी अहम भूमिका निभाई थी। 

2022 में गुजरात की टीम से जुड़े थे पांड्या

हार्दिक पांड्या 2022 में गुजरात टाइटंस की टीम से बतौर कप्तान जुड़े। हार्दिक की कप्तानी में गुजरात ने अपने पहले ही सीजन में IPL का खिताब जीता था। इतना ही नहीं अगले ही साल एक बार फिर से फाइनल तक पहुंचाया था। हालांकि, फाइनल में गुजरात को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

 

यह भी पढ़ें: IND U19 vs UAE U19: भारत ने यूएई को दी 70 रनों से मात, आर्यवीर सहवाग बने 'हीरो'

पंजाब के साथ 8 सीजन के बाद अलग हुए अर्शदीप

अर्शदीप सिंह ने पंजाब के साथ कुल 8 सीजन खेले हैं। इस दौरान उन्होंने भारत के लिए पदार्पण के साथ से T20I में देश के लिए सर्वाधिक विकेट लेने का भी रिकॉर्ड अपने नाम किया। अर्शदीप ने पंजाब के लिए खेलते हुए कुल 96 मैच में 111 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 32 रन देकर 5 विकेट का रहा है।

 

वहीं भारत के लिए भी अर्शदीप ने 104 मैचों में 151 विकेट लिए हैं। भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में 150 विकेट लेने वाले वह इकलौते गेंदबाज हैं। इसी के साथ अर्शदीप के नाम एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक विकेट (40) लेने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने यह रिकॉर्ड 2026 में आयरलैंड के जोशुआ लिटिल को पछाड़ते हुए अपने नाम किया है। 

IPL 2027 में अब तक हुईं ट्रेड डील

हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रेड डील से पहले IPL 2027 के लिए पहले भी 8 ट्रेड डील पूरी हो चुकी हैं। जिसमें मुख्य नाम ऋषभ पंत का है। जो लखनऊ सुपर जायंट्स से 15 करोड़ की वैल्यू में दिल्ली कैपिटल्स में जाएंगे। उनके अलावा कुलदीप यादव दिल्ली कैपिटल्स से 13.50 करोड़ की वैल्यू में लखनऊ सुपर जायंट्स में जाएंगे। टी नटराजन 5 करोड़ की वैल्यू में दिल्ली कैपिटल्स से सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल होंगे। जीशान अंसारी सनराइजर्स हैदराबाद से दिल्ली कैपिटल्स में आएंगे। उनकी वैल्यू 40 लाख रुपये है। 

 

वहीं लियाम लिविंगस्टोन 6 करोड़ की वैल्यू के साथ सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स में जाएंगे। खलील अहमद चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद में 4.8 करोड़ की वैल्यू में शामिल होंगे। जैक एडवर्ड्स 3 करोड़ में सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स में और नाथन एलिस 2 करोड़ की ट्रेड वैल्यू के साथ चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद में आएंगे।