ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने सैंडपेपर गेट कांड को लेकर दिए अपने पुराने बयानों पर सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि मीडिया ने उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया है। उस्मान ख्वाजा ने कहा कि क्लिकबेट मीडिया की सुर्खियों के झांसे में मत आइए। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी खिलाड़ी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि पूरी टीम की सामूहिक जिम्मेदारी तय करना है। ख्वाजा ने यह भी कहा कि 2018 के इस विवाद में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को अकेले दोषी ठहराया गया, जबकि वे तीनों असल में पीड़ित हैं। पिछले दिनों एक इंटरव्यू के दौरान उस्मान ख्वाजा ने दावा किया था कि सैंडपेपर गेट कांड के बारे में पूरी टीम को मालूम था और सभी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी।
उस्मान ख्वाजा ने 'द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' को दिए इंटरव्यू में बॉल टेम्परिंग की घटना में सपोर्ट स्टाफ के शामिल होने का भी दावा किया था। 2018 में हुए विवादित टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच डैरेन लेहमैन थे। डैरेन लेहमैन ने ख्वाजा के बयान का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि सभी खिलाड़ियों को सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता था। लेहमैन ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि बॉल टेम्परिंग 150 साल से हो रही है। ख्वाजा के बयान पर टिप्पणी ऑस्ट्रेलिया की धुर विरोधी टीम इंग्लैंड की ओर से भी आई। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ख्वाजा के बयान को आधार बनाकर पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आखिरकार हमें खेल का सबसे छिपा हुआ राज पता चल ही गया, पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को सैंडपेपर के बारे में पता था।
'बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया'
विवाद बढ़ने पर उस्मान ख्वाजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर वीडियो साझा कर सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि उनकी बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। उन्होंने कहा, 'अब कुछ तथ्यों को साफ करने का समय आ गया है, क्योंकि मीडिया ने इस मामले को उम्मीद के मुताबिक बहुत बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है। जब मैंने पूरी टीम की जिम्मेदारी की बात कही थी, तो मेरा मतलब था कि जो कुछ हुआ, उसकी सामूहिक जिम्मेदारी सभी को लेनी चाहिए।'
ख्वाजा ने अपने पुराने बयान पर कायम रहते हुए कहा कि वह इस बात से इनकार नहीं करेंगे कि टीम के सभी लोगों को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी। उन्होंने कहा, 'अगर आप मेरा लेख पढ़ते, तो समझ जाते कि जब मैंने कहा था कि यह हम सबने किया, तो मेरा मतलब था कि हम सभी इसकी जिम्मेदारी लेते हैं। एक टीम के तौर पर हमें इसकी सामूहिक जिम्मेदारी उठानी चाहिए। बस इतनी सी बात है। लेकिन अब जब हर कोई इस बारे में बात कर रहा है, तो क्या मैं इस बात से इनकार करूंगा कि सबको पता था? नहीं, मैं इससे इनकार नहीं करूंगा।'
यह भी पढ़ें: ‘पूरी टीम को पता था, सब शामिल थे’, सैंडपेपर कांड पर उस्मान ख्वाजा का खुलासा
'क्लिकबेट मीडिया के झांसे में मत आइए'
उस्मान ख्वाजा ने कहा कि उनकी आत्मकथा में जो कुछ लिखा गया है, वह उनका अपना अनुभव और नजरिया है। उन्होंने साफ किया कि वह किसी दूसरे खिलाड़ी की तरफ से कोई दावा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी किताब में कभी किसी और की तरफ से बात नहीं की। क्लिकबेट मीडिया की सुर्खियों के झांसे में मत आइए। मैंने किसी को बलि का बकरा नहीं बनाया। उन तीन खिलाड़ियों ने हम सबकी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली थी। असल में वे ही पीड़ित हैं।' ख्वाजा ने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इन तीनों को लोगों ने चीटर कहा और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा।
यह भी पढ़ें: 7 रन पर आउट हुए विराट, फिर भी बना रिकॉर्ड; न्यूजीलैंड के खिलाफ बने नंबर-1 स्कोरर
डेविड वॉर्नर से किया था वादा
ख्वाजा ने वीडियो में बताया कि उन्होंने अपने बचपन के दोस्त डेविड वॉर्नर से इस पूरे मामले का सच सामने लाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि वह अब ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा नहीं हैं और इसलिए अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने अपने बचपन के दोस्त डेविड वॉर्नर से वादा किया था कि मैं सच बताऊंगा, ताकि वह भी अपनी कहानी बता सके। मैं इस बात के लिए बिल्कुल माफी नहीं मांगूंगा। इन तीनों खिलाड़ियों को न्याय मिलना चाहिए और मैंने किसी पर उंगली नहीं उठाई है।'
