भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जापान में इतिहास रच दिया है। उन्होंने कुमामोटो मास्टर्स जापान सुपर 500 टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही वह यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए हैं। फाइनल में लक्ष्य ने जापान के कोकी वतानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से हराया। यह मुकाबला 64 मिनट तक चला।
दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने लगातार दूसरा BWF टूर खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले उन्होंने इसी महीने जर्मनी के सारब्रुकेन में HYLO ओपन सुपर 500 का खिताब जीता था। यानी लक्ष्य ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए एक और बड़ी जीत दर्ज की।
पहला गेम हारकर वापसी की
फाइनल में जापान के कोकी वतानाबे ने तेज शुरुआत की। उन्होंने 5-1 की बढ़त बना ली। एक समय स्कोर 12-6 हो गया था। इसके बाद लक्ष्य ने लगातार 5 अंक लेकर अंतर 12-11 कर दिया। हालांकि, वतानाबे ने फिर वापसी की और पहला गेम 21-13 से जीत लिया।
यह भी पढ़ें: CWC 2027 से पहले भारत की कमजोरी उजागर, SA में कैसा है टॉप-5 का रिकॉर्ड?
दूसरे गेम में लक्ष्य ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने 5-0 की बढ़त बना ली। बाद में स्कोर 19-10 तक पहुंच गया। हालांकि, इस दौरान लक्ष्य की कुछ शॉट्स कोर्ट से बाहर चली गईं। इसका फायदा उठाकर वतानाबे ने लगातार 7 अंक हासिल किए। लेकिन लक्ष्य ने दबाव में संयम बनाए रखा और 21-18 से गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया।
निर्णायक गेम में एकतरफा जीत
तीसरे गेम की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। स्कोर 4-4 था। इसके बाद लक्ष्य ने आक्रामक खेल दिखाया और 10-6 की बढ़त बना ली। फिर उन्होंने लगातार 7 अंक हासिल कर स्कोर 17-7 कर दिया। आखिर में एक दमदार स्मैश के साथ लक्ष्य ने 21-14 से गेम जीत लिया और खिताब अपने नाम कर लिया।
लक्ष्य ने फाइनल से पहले सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को 21-12, 15-21, 21-11 से हराया था। वहीं, वतानाबे ने 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप के गोल्ड मेडलिस्ट कुनलावुत वितिदसार्न को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
