FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार को खेला जाना है। खिताबी मुकाबले में दुनिया की बेस्ट अटैक वाली टीम अर्जेंटीना का सामना स्पेन की उस टीम से होगा, जिसके डिफेंस का कोई सानी नहीं है। फुटबॉल के महाकुंभ के सबसे बड़े मुकाबले में फैंस को खेल की दो अलग-अलग शैलियों का टकराव देखने को मिलेगा। अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं, जबकि टूर्नामेंट में सबसे कम गोल खाने के मामले में स्पेन सबसे ऊपर है। उसने सिर्फ एक गोल खाए हैं।
अर्जेंटीना के पास टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी लियोनेल मेसी हैं। मेसी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने अब तक इस वर्ल्ड कप में 8 गोल किए हैं। मेसी ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में कोई गोल नहीं किया लेकिन उन्होंने 2 बेहतरीन असिस्ट कर अर्जेंटीना को फाइनल में पहुंचा दिया। उन्हें टक्कर देने के लिए स्पेन के पास युवा स्ट्राइकर लामिन यमाल हैं।
इसी सोमवार (13 जुलाई) को 19 साल के हुए यमाल ने मौजूदा टूर्नामेंट में सिर्फ 1 ही गोल किया है लेकिन उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में पेनल्टी हासिल किया था, जिससे स्पेन ने बढ़त बनाई थी। फाइनल में मेसी और यमाल की जोरदार भिड़ंत का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। इस बीच दोनों खिलाड़ियों की एक 19 साल पुरानी तस्वीर सुर्खियां बटोर रही हैं।
यह भी पढ़ें: अर्जेंटीना से जीत रहा था इंग्लैंड, कोच की डिफेंसिव रणनीति ने हरवा दिया!
क्या है तस्वीर की कहानी?
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में मेसी स्पेन के खिलाड़ी यमाल को नहला रहे हैं। इसके अलावा एक तस्वीर वायरल है, जिसमें वह यमाल को अपनी गोद में लिए हुए हैं। यह तस्वीर 2007 की है। मेसी ने एक चैरिटी कैलेंडर फोटोशूट के लिए बार्सिलोना क्लब के कैंप नोऊ के ड्रेसिंग रूम में यह फोटो खिंचवाई थी। मेसी उस समय 20 साल के थे।
मेसी को तब अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस बच्चे को वह नहला रहे हैं या गोद में खिला रहे हैं, वह भी एक दिन फुटबॉल की दुनिया में बड़ा नाम बनेगा और उन्हें FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में टक्कर देगा।
मेसी और यमाल की यह तस्वीर पहली बार यूरो 2024 के दौरान सामने आई थी। यमाल के पिता ने यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, 'दो महान लोगों की शुरूआत।' यमाल यूरो 2024 के दौरान ही चर्चा में आए थे। उन्होंने यूरो के इतिहास में सबसे कम उम्र (16 साल 362 दिन) में गोल स्कोर करने की उपलब्धि अपने नाम की थी।
यह भी पढ़ें: गोल्डन बूट की रेस में एमबापे से आगे निकले मेसी, फाइनल में अर्जेंटीना
वायरल तस्वीर की अनकही कहानी
मेसी-यमाल की वायरल तस्वीर खींचने वाले फोटोग्राफर जोआन मॉनफोर्ट कहते हैं कि यह फोटोशूट तब किया गया जब बच्चों के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने स्पेन के मातारो कस्बे में चैरिटी लॉटरी एक आयोजन किया था। यमाल का यहां परिवार रहता था। मॉनफोर्ट बताते हैं कि यमाल का परिवार कैंप नोऊ में आयोजित चैरिटी लॉटरी में हिस्सा ले रहा था, जहां उन्होंने मेसी के साथ यमाल की तस्वीर ली।
वह कहते हैं कि उनके लिए यह असाइनमेंट आसान नहीं था, क्योंकि मेसी शर्मीले स्वभाव के व्यक्ति हैं। मेसी लॉकर रूम से बाहर आ रहे थे और गलती से वह दूसरे लॉकर रूम में चले गए, जहां पानी से भरा एक प्लास्टिक का टब था। उसमें एक बच्चा था। मेसी को ये भी नहीं पता था कि बच्चे को कैसे पकड़ना है। मॉनफोर्ट ने यूरो 2024 के दौरान कहा था कि जब यह फोटो वायरल हुई, तभी उन्हें पता चला कि वह बच्चा यमाल थे।
