मुल्लांपुर टेस्ट में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान की पहली पारी 152 पर समेट दी है। अफगानी टीम 113/5 के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाने उतरी थी। वह कल (7 जून) के अपने स्कोर में महज 39 रन ही जोड़ पाई। मानव सुथार ने आज (8 जून) 3 बल्लेबाजों का शिकार किया। इस तरह उन्होंने डेब्यू टेस्ट पारी में ही 6 विकेट लेकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। वह 1988 के बाद पहले ऐसे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने डेब्यू टेस्ट पारी में 6 विकेट हॉल लिया है।
आखिरी बार यह कारनामा नरेंद्र हिरवानी ने किया था। उन्होंने 38 साल पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में डेब्यू किया था। इस मुकाबले में हिरवानी ने वेस्टइंडीज की पहली पारी में 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे, जो किसी भारतीय गेंदबाज का डेब्यू टेस्ट पारी में बेस्ट बॉलिंग फिगर भी है। इसके बाद सुथार (6/33) ने अपना नाम दर्जा करा लिया है। इस मामले में सुथार ने आबिद अली (6/55) और दिलीप जोशी (6/103) को पीछे छोड़ा है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में सफल हो पाएंगे या नहीं? डिविलियर्स ने बता दिया
डेब्यू टेस्ट पारी में बेस्ट बॉलिंग फिगर वाले भारतीय गेंदबाज
- नरेंद्र हिरवानी - 8/61 बनाम वेस्टइंडीज, चेन्नई, 1988
- मानव सुथार - 6/33 बनाम एएफजी, मुल्लांपुर, 2026
- आबिद अली - 6/55 - बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड, 1967
- दिलीप जोशी - 6/103 - बनाम ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई, 1979
यह भी पढ़ें: कौन हैं एलेक्जेंडर ज्वेरेव, जिन्होंने जीता फ्रेंच ओपन का खिताब?
अश्विन के बाद ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज
23 साल के सुथार डेब्यू टेस्ट में 6 विकेट हॉल लेने वाले पांचवें और आर अश्विन के बाद इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज हैं। अश्विन ने 2011 में अपना टेस्ट डेब्यू करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरी पारी में 6 विकेट झटके थे।
अमित मिश्रा के कारनामे को दोहराया
सुथार इस सदी में टेस्ट क्रिकेट की पहली पारी में 5 विकेट हॉल लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा अमित मिश्रा ने किया था। लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2008 में मोहाली में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी और ऑस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी के दौरान 71 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।
