भारत की स्टार वेटलिफ्टर और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को पहला गोल्ड मेडल दिला दिया। महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में मीराबाई ने अपने अनुभव और दमदार प्रदर्शन का शानदार नमूना पेश करते हुए लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 2018, 2022 और 2026 में गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया।
31 साल की मीराबाई चानू ने जबरदस्त ताकत और गजब का धैर्य दिखाते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने स्नैच में कॉमनवेल्थ और कॉमनवेल्थ गेम्स दोनों के नए रिकॉर्ड बना डाले। इतना ही नहीं क्लीन एंड जर्क और कुल वजन उठाने में भी कॉमनवेल्थ गेम्स के नए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
यह भी पढ़ें: जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय अनाहत सिंह कौन हैं?
रिकॉर्ड के साथ जीता तीसरा गोल्ड मेडल
महिलाओं के 48 किलोग्राम कैटेगरी के फाइनल में मीराबाई चानू ने स्नैच में 85 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ और गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 105 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठातक गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। हालांकि, क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में वह 82 किलोग्राम वजन उठाने में सफल नहीं हो सकीं। दूसरे प्रयास में उन्होंने 82 किलोग्राम उठाया और तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम के साथ एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके बाद 105 किलोग्राम का सफल प्रयास उनकी ऐतिहासिक जीत की मुहर बन गया।
पीटी उषा और PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए एक और गौरवशाली पल! प्रतिभाशाली मीराबाई चानू ने एक बार फिर कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना दम दिखाया और 48 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। लगातार दो कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने और कुल चार कॉमनवेल्थ गेम्स पदक हासिल करने के साथ मीराबाई आज हर भारतीय के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए ढेरों बधाई। आने वाले मुकाबलों के लिए मेरी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं।'
यह भी पढ़ें: CWG 2026: पाक खिलाड़ियों से हाथ मिलाना प्लेयर्स की मर्जी, गिफ्ट लेना है मना
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा ने मीराबाई चानू के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने पर कहा, 'मीराबाई चानू को वेटलिफ्टिंग करते हुए देखना बेहद रोमांचक था। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर हम सभी भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्हें पूरा भरोसा था कि इस बार उनका प्रदर्शन पहले से भी बेहतर रहेगा। मैं उनकी इस उपलब्धि से बहुत खुश हूं। यह सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का पल है।'
