टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अजेय चल रही मुंबई की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत का चौका लगा दिया है। मुंबई ने रविवार (22 नवंबर) को ग्रुप डीप के मैच में छत्तीसगढ़ को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। पांच मैचों में मुंबई की यह चौथी जीत रही। विदर्भ के खिलाफ उसका पिछला मुकाबला बारिश में धुल गया था।

 

मुंबई की इस जीत में अगकृष रघुवंशी और शिवम दुबे स्टार रहे। अंगकृष रघुवंशी ने 63 गेंद में नाबाद 84 रन की पारी खेली, जिससे मुंबई ने 160 रन का लक्ष्य 18.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। इससे पहले शिवम दुबे ने 3.2 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लोअर ऑर्डर को निपटाया और उसे बड़ा स्कोर बनाने से रोका। तुषार देशपांडे और मैक्सवेल स्वामीनाथन ने 2-2 विकेट लिए।

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड चैंपियनशिप में चमके, टेस्ट रिकॉर्ड बनाया फिर कहां खो गए सदानंद विश्वनाथ?

रघुवंशी-तमोरे के बीच शतकीय साझेदारी

अगकृष रघुवंशी और विकेटकीपर हार्दिक तमोरे ने 12.4 ओवर में 105 रन की साझेदारी की। तमोरे 34 गेंद में 42 रन बनाकर अजय मंडल का शिकार बने। इसके बाद रघुवंशी ने मुशीर खान के साथ मिलकर मुंबई को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। मुशीर खान ने 16 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं 23 साल के तेज गेंदबाज जमशेद आलम? डेब्यू मैच में 4 गेंदों पर झटके 4 विकेट

सही साबित हुआ सूर्या का फैसला

कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सूर्या ने टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ को पहले बल्लेबाजी करने के लिए बुलाया। मुंबई के गेंदबाजों ने उनके निर्णय को सही साबित करते हुए छत्तीसगढ़ को 18.2 ओवर में 159 रन पर समेट दिया। छत्तीसगढ़ की टीम ने पावरप्ले में 76 रन बटोर लिए थे लेकिन उसे 4 झटके लग चुके थे। सातवें ओवर में 78 रन के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरने के बाद छत्तीसगढ़ की मध्यक्रम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। 

 

जयंत यादव और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 9वें विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को संभाला। जयंत ने 16 गेंद में 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाए, जबकि जडेजा ने 20 गेंद में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 28 रन का योगदान दिया। वह कप्तान विकल्प तिवारी (18 गेंद में 41 रन) के बाद छत्तीसगढ़ के दूसरे सफल बल्लेबाज रहे। हालांकि शिवम दुबे ने जयंत और जडेजा को लगातार ओवरों में आउट करके 19वें ओवर में छत्तीसगढ़ की पारी समाप्त कर दी।

 

इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 13वें ओवर में तमोरे का विकेट गंवाया लेकिन रघुवंशी और मुशीर ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। रघुवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।