टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे मंगलवार (10 जनवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नीदरलैंड्स के हाथों 7 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। नामीबिया को अब इसी मैदान पर गुरुवार को भारत जैसी मजबूत टीम का सामना करना है। यह मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले दुधिया रोशनी में प्रैक्टिस करने का मौका नहीं मिलने पर नामीबिया ने नाराजगी जाहिर की है। नामीबिया के कप्तान गेरार्ड इरास्मस ने कहा है कि भारत ने दो बार रात में ट्रेनिंग की है लेकिन पता नहीं क्यों, हमें यह मौका नहीं दिया गया।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सुपर-8 के लिए कैसे कर सकता है क्वालिफाई? ये है समीकरण
ICC पर उठे सवाल
नामीबिया ने नीदरलैंड्स के खिलाफ दोपहर में मैच खेला था। नामीबियाई टीम 24 घंटे बाद फिर से अरुण जेटली स्टेडियम में थी और प्रैक्टिस कर रही थी। सवाल उठ रहा है कि जब नामीबिया का भारत से मुकाबला रात में है, तो उसे दोपहर में प्रैक्टिस करने के लिए क्यों बुलाया गया? यह सवाल और वाजिब इसलिए नजर आ रहा है क्योंकि, बुधवार को भारत के साथ कनाडा की टीम अंडर लाइट्स प्रैक्टिस करती नजर आई, जबकि उसका मुकाबला शुक्रवार को है। इरास्मस ने ICC पर तंज कंसते हुए कहा कि यहां तक कि कनाडा भी रात में प्रैक्टिस कर रही है।
नीदरलैंड्स के खिलाफ हार के बाद नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने कहा था कि अंडर लाइट्स खेलना आसान नहीं होगा लेकिन टीम गुरुवार की शाम में प्रैक्टिस कर कुछ अभ्यस्त होना चाहेगी। हालांकि ICC ने नामीबिया का प्रैक्टिस सेशन दोपहर 2 बजे से 5 बजे के बीच रखा था।
यह भी पढ़ें: अचानक अस्पताल में भर्ती हुए अभिषेक शर्मा, क्या टीम में होगा बदलाव?
नामीबिया के पास रात में खेलने का नहीं है अनुभव
नामीबिया की टीम रात में खेलने को लेकर अभ्यस्त नहीं है। नामीबियाई टीम के पास अपने देश में अंडर लाइड्स खेलने की सुविधा नहीं है। इसीलिए वह रात में प्रैक्टिस का मौका नहीं मिलने पर नाराज है। इरास्मस ने कहा कि जो खिलाड़ी विदेशी टी20 लीग में खेलते हैं, उन्हीं के पास रात में खेलने का अनुभव है।
भारत के खिलाफ मैच से पहले इरास्मस ने कहा, 'नामीबिया में हमारे पास लाइट की सुविधा नहीं है। इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से शायद यह हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है। लिहाजा यह कोई मामूली बात नहीं है। नेपाल प्रीमियर लीग, ILT20 और पूर्व में वर्ल्ड कप में खेले खिलाड़ियों को छोड़कर, बाकी खिलाड़ी रात में खेलने को लेकर अभ्यस्त नहीं हैं।'
