मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के छोटे से गांव ढाबला घोंसी की बेटी नीतिका कीर ने दिल्ली में झंडा गाड़ दिया है। नीतिका ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स फाइनल सीरीज 2026 की पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत लिया। उन्होंने 4.10 मीटर की ऊंचाई पार कर पहला स्थान हासिल किया। नीतिका को इसके लिए 1 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।
नीतिका की इस जीत से गदगद उनकी मां प्रियंका ने कहा कि ये सब मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नीतिका की तरह ही सारी बेटियों को पढ़ना-लिखना चाहिए और आगे बढ़ता रहना चाहिए। प्रियंका ने शाजापुर की बेटियों से निवेदन किया कि वे भी अपने परिवार का नाम रोशन करें।
नीतिका की मां ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, 'मेहनत और लगन का काम है और मैं तो ये कहती हूं कि जैसे नीतिका ने देश का नाम रोशन किया है वैसे ही सारी बेटियां करें, आगे बढ़ती रहें। शाहजापुर जिले की बेटियों से निवेदन है कि वे पढ़े-लिखें और आगे बढ़ें और हमेशा अपना मां-बाप, परिवार और गांव का नाम रोशन करे।'
यह भी पढ़ें: चेस के दिग्गज जियोर्जियोस मैक्रोपोलोस का निधन, AICF चीफ नितिन नारंग ने जताया दुख
मंत्री इंदर सिंह परमार ने नीकिता को बधाई दी
मध्य प्रदेश के मंत्री इंदर सिंह परमार ने नीकिता की जीत पर कहा कि उनकी यह स्वर्णिम छलांग प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने, यही वह कामना करते हैं। इंदर सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'नीतिका की यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि उसके परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा की विजय है। एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे को गौरवान्वित करने वाली नीतिका ने ढाबला घोंसी, कालापीपल शाजापुर से लेकर पूरे मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है।'
यह भी पढ़ें: 'मैं कोई रोबोट या मशीन नहीं हूं...' लगातार आलोचना पर छलका संजू सैमसन का दर्द
उन्होंने आगे लिखा, 'बेटियां जब अपने सपनों को संकल्प बना लेती हैं, तो ऊंचाइयां भी उनके सामने छोटी पड़ जाती हैं। बिटिया नीतिका को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।'
