भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने हमवतन डी गुकेश को क्लासिकल बाजी में हरा दिया है। नॉर्वे चेस टूर्नामेंट में वर्ल्ड चैंपियन गुकेश के खिलाफ मिली इस जीत से प्रज्ञानानंदा ने खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। प्रज्ञानानंदा इस जीत के बाद टॉप पर काबिज अमेरिका के वेस्ली सो से सिर्फ आधा अंक पीछे रह गए हैं, जिससे अंतिम राउंड में रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

 

प्रज्ञानानंदा ने काले मोहरों से खेलने के बावजूद वर्ल्ड चैंपियन गुकेश को क्लासिकल बाजी में हराकर पूरे तीन अंक हासिल किये। इससे वह नॉर्वे चेस टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने की रेस में शामिल हो गए हैं। 9वें राउंड के बाद प्रज्ञानानंदा 15 अंकों के साथ अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो (15.5) से ठीक पीछे दूसरे स्थान पर हैं।

 

यह भी पढ़ें: सुदर्शन या पडिक्कल, अफगानिस्तान के खिलाफ किसे मिलेगा मौका? गंभीर ने खोला राज

नॉर्वे चेस को मिलेगा नया चैंपियन

प्रज्ञानानंदा और वेस्ली सो के बाद फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा भी 14.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहकर खिताब की दौड़ में बने हुए हैं। इस तरह से अंतिम राउंड में तीन खिलाड़ियों के पास खिताब जीतने का मौका है। सबसे खास बात है कि यह है कि जो भी खिलाड़ी खिताब जीतेगा, वह पहली बार नॉर्वे चेस चैंपियन बनेगा।

 

प्रज्ञानानंदा आखिरी और निर्णायक राउंड में जर्मनी के विंसेंट कीमर का सामना करेंगे, जबकि वेस्ली सो का मुकाबला अलीरेजा से होगा। वेस्ली सो ने आर्मागेडन टाई-ब्रेक में मैग्नस कार्लसन को हराया। इस तरह से वर्ल्ड के नंबर एक खिलाड़ी का खराब प्रदर्शन जारी रहा।

 

यह भी पढ़ें: क्रिकेट छोड़ जैवलिन थामा, अब तोड़ा नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड, कौन हैं रुमेश थरंगा?

महिला वर्ग में भारत को मिली निराशा

महिला वर्ग में मौजूदा वर्ल्ड ब्लिट्ज चैंपियन बिबिसारा असाउबायेवा ने एक राउंड शेष रहते हुए खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि वह यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक से आर्मागेडन टाई-ब्रेक में हार गई थीं। उनके 16.5 अंक हो गए हैं। झू जिनेर ने काले मोहरों से खेलते हुए दिव्या देशमुख को हराया और तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। इससे वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। कोनेरू हम्पी को महिला वर्ल्ड चैंपियन जू वेनजुन से आर्मागेडन टाई-ब्रेक में हार मिली।