IPL 2026 का सीजन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा। राजस्थान रॉयल्स के इस 15 वर्षीय खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल और साई सुदर्शन ही उन्हें पीछे छोड़ सकते थे लेकिन दोनों बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने रहे।
वैभव सूर्यवंशी का यह सीजन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। उन्होंने न केवल सबसे ज्यादा रन बनाए, बल्कि IPL के कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। वैभव ने 16 पारियों में 48.50 के औसत और 237.31 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 72 छक्के लगाए, जो IPL के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे। वैभव ने हर 4.31 गेंद पर एक छक्का लगाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 में बेंच पर ही बैठे रह गए ये 4 करोड़पति खिलाड़ी, RCB का प्लेयर भी शामिल
IPL ऑरेंज कैप विजेताओं की पूरी लिस्ट
| वर्ष | खिलाड़ी | टीम | कुल रन |
| 2008 | शॉन मार्श | किंग्स इलेवन पंजाब | 616 |
| 2009 | मैथ्यू हेडन | चेन्नई सुपर किंग्स | 572 |
| 2010 | सचिन तेंदुलकर | मुंबई इंडियंस | 618 |
| 2011 | क्रिस गेल | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 608 |
| 2012 | क्रिस गेल | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 733 |
| 2013 | माइकल हसी | चेन्नई सुपर किंग्स | 733 |
| 2014 | रॉबिन उथप्पा | कोलकाता नाइट राइडर्स | 660 |
| 2015 | डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 562 |
| 2016 | विराट कोहली | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु |
973 (ऑल टाइम रिकॉर्ड)
|
| 2017 | डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 641 |
| 2018 | केन विलियमसन | सनराइजर्स हैदराबाद | 735 |
| 2019 | डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 692 |
| 2020 | केएल राहुल | किंग्स इलेवन पंजाब | 670 |
| 2021 | ऋतुराज गायकवाड़ | चेन्नई सुपर किंग्स | 635 |
| 2022 | जोस बटलर | राजस्थान रॉयल्स | 863 |
| 2023 | शुभमन गिल | गुजरात टाइटंस | 890 |
| 2024 | विराट कोहली | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 741 |
| 2025 | साई सुदर्शन | गुजरात टाइटंस | 759 |
| 2026 | वैभव सूर्यवंशी | राजस्थान रॉयल्स | 776 |
यह भी पढ़ें: वैभव को अब टीम इंडिया में लाओ... पूर्व चीफ सेलेक्टर और कोच ने एक सुर में की मांग
विराट कोहली के नाम अब भी सबसे बड़ा रिकॉर्ड
ऑरेंज कैप के इतिहास पर नजर डालें तो डेविड वॉर्नर सबसे सफल खिलाड़ी हैं, जिन्होंने तीन बार ऑरेंज कैप जीता है। वहीं, एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब भी विराट कोहली के नाम दर्ज है। उन्होंने 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 973 रन बनाए थे।
सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी ने IPL इतिहास में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 440 गेंदों में हासिल की। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के स्टार खिलाड़ी आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे कम उम्र के ऑरेंज कैप विजेता भी बन गए।
