भारतीय टीम को हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज टूर्नामेंट में पाकिस्तान के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर निर्धारित 6 ओवर में 88 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने इस टारगेट को 3.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। पाक कप्तान अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे ने भारतीय गेंदबाजों की चौतरफा धुनाई करते हुए महज 2.1 ओवर में 59 रन कूट दिए। 

 

अफरीदी ने पहला ओवर लेकर आए टीम इंडिया के कप्तान क्रुणाल पंड्या की आखिरी 5 गेंद पर 5 छक्के मारे। ओवर की पहली गेंद पर नफे ने सिंगल लिया था। इस तरह पाकिस्तान ने क्रुणाल के ओवर में 31 रन बटोरे। अफरीदी-नफे ने अगले ओवर में टी नटराजन को राडार पर लिया और 28 रन ठोक मैच पाकिस्तान की झोली में डाल दी। शशांक सिंह ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अफरीदी का विकेट झटका लेकिन इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। नफे ने आसानी से पाकिस्तान को लक्ष्य की दहलीज तक पहुंचा दिया।

 

नफे जब 12 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हुए, उस समय पाकिस्तानी टीम जीत से महज 4 रन दूर थी। नए बल्लेबाज इरफान खान ने आते ही छक्का जड़कर पाक टीम को जीत दिला दी। अब्दुल समद 3 गेंद में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। अफरीदी ने 8 गेंद में 437.50 के स्ट्राइक रेट से 35 रन ठोके। इस दौरान उनके बल्ले से 1 चौका और 5 छक्के निकले।

 

यह भी पढ़ें: IND vs NZ वनडे सीरीज से प्रसिद्ध कृष्णा बाहर, इंडिया A में सिराज की एंट्री

यह भी पढ़ें: ‘भैया, खेलूंगा भी वैसे ही’, वैभव ने नेट में अभिषेक शर्मा से क्यों कही थी ये बात?

भारत की फ्लॉप रही बल्लेबाजी

टीम इंडिया की ओर से शशांक सिंह ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 11 गेंद में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 40 रन ठोके। उनके अलावा सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। राहुल त्रिपाठी और नीतीश राणा ने बेहद धीमी बल्लेबाजी की। 6 ओवर और छोटी बाउंड्री वाले मैच में राहुल त्रिपाठी ने 5 गेंद में 9 रन बनाए, जबकि नीतीश राणा 14 गेंद खेलकर 19 रन ही बना सके। राहुल तेवतिया और क्रुणाल पंड्या का तो खाता भी नहीं खुला। टी नटराजन ने 6 गेंद में नाबाद 12 रन बनाए।