क्रिकेट की दुनिया में इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बीच खिलाड़ियों को लेकर खींचतान तेज हो गई है। इसी कड़ी में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जिम्बाब्वे और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी पर 2 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। बोर्ड का आरोप है कि उन्होंने PSL 2026 का अनुबंध तोड़कर IPL में खेलने का फैसला किया, जो नियमों के खिलाफ है।

 

ब्लेसिंग मुजारबानी को PSL में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया था। हालांकि इसी दौरान IPL में मौका मिलने पर उन्होंने बिना देरी किए KKR के साथ जुड़ने का फैसला कर लिया। इस कदम के बाद PCB ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें दो साल के लिए PSL से बाहर कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में आने वाले हैं वैभव सूर्यवंशी? समझिए कहां से मिल रहे हैं संकेत

 

दरअसल, PSL नीलामी में ब्लेसिंग मुजारबानी को कोई खरीदार नहीं मिला था। इसके बाद इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें टीम में शामिल किया। हालांकि, KKR के मुस्तफिजुर रहमान के बाहर होने के बाद फ्रेंचाइजी ने मुजारबानी को बुलावा भेजा। उन्होंने PSL का करार बीच में छोड़कर IPL का रुख किया और अपने पहले ही मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।

2 साल का बैन लगा

PCB ने इस बार अनुशासनहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने भी PSL का करार तोड़कर IPL में मुंबई इंडियंस का रुख किया था, जिस पर उन्हें एक साल के लिए प्रतिबंधित किया गया था। ब्लेसिंग मुजारबानी के मामले में सजा को दोगुना कर 2 साल कर दिया गया है, जो अन्य खिलाड़ियों के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि अनुबंधों को 'विकल्प' की तरह इस्तेमाल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे? डेब्यू मैच में लिए 4 विकेट, IPL में रचा इतिहास

PCB के रडार पर कई और दिग्गज

ब्लेसिंग मुजारबानी अकेले खिलाड़ी नहीं हैं जिन्होंने इस साल PSL को झटका दिया है। स्पेंसर जॉनसन (CKS) और दासुन शनाका (RR) जैसे नामों ने भी PSL कमिटमेंट्स को छोड़ IPL में खेलना चुना है। हालांकि, इन पर अभी तक कोई आधिकारिक एक्शन नहीं हुआ है लेकिन मुजारबानी पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि PCB आने वाले दिनों में कुछ और कड़े फैसले ले सकता है।