हाल ही में भारत के अनुज श्रीवत्री देश के 100वें ग्रैंड मास्टर बने हैं। भारत के विश्वनाथन आनंद साल 1987 में देश के पहले ग्रैंड मास्टर बने थे और अब 39 साल बाद 100वां ग्रैंड मास्टर मिला है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनोखे अंदाज में बधाई दी है। उन्होंने लिखा है कि भारत ने चेस में सेंचुरी मार दी। पीएम मोदी ने अनुज श्रीवत्री को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि इस कामयाबी से भारत के और युवा चेस के खेल से जुड़ेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई है कि देश के युवा चेस के जरिए वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
बीते दिनों फिलीपींस में आयोजित 7वीं ASEAN+ इंडिविजुअल चेस चैंपियनशिप 2026 जीतने के साथ ही 22 साल के अनुज श्रीवत्री 100वें ग्रैंड मास्टर बने। 1987 में विश्वनाथन आनंद भारत के पहले ग्रैंड मास्टर बने थे और 39 साल में ग्रैंड मास्टर की संख्या 100 हो गई है। खुद विश्वनाथन आनंद ने इस मौके पर अपने और भारतीय चेस के सफर को याद दिया है।
यह भी पढ़ें: भारत को मिला 100वां ग्रैंड मास्टर, क्या है 22 साल के अनुज श्रीवत्री की कहानी?
भारत की कामयाबी पर बोले PM मोदी
PM मोदी ने मंगलवार को अपने X प्रोफाइल पर लिखा, 'भारत ने चेस में सेंचुरी लगा दी। यह अभूतपूर्व है न? भारत अब 100 चेस ग्रैंड मास्टर्स का घर है। अनुज श्रीवत्री को भारत का 100वां मास्टर बनने की बधाई। बहुत शानदार कामयाबी है। भारत का 100 ग्रैंड मास्टर्स तक पहुंचना हमारे खिलाड़ियों की अभूतपूर्व प्रतिभा, समर्पण और कठिन परिश्रम के साथ-साथ युवाओं में चेस की बढ़ती लोकप्रियता को भी दिखाता है। यह देखकर बेहद खुशी होती है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से चेस का टैलेंट निकल रहा है और वैश्विक स्टेज पर अपनी छाप छोड़ रहा है। उम्मीद है यह कामयाबी बहुत सारे और भी युवाओं को चेस में आने के प्रति प्रोत्साहित करेगी।'
इस मौके पर ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने लिखा है, 'विश्वनाथन आनंद सर से लेकर अनुज श्रीवत्री तक। एक ग्रैंड मास्टर से 100 तक, भारत की चेस यात्रा शानदार रही है। दूसरी तरफ, पूरे भार में अगले 100 भी सपने देख रहे हैं, ट्रेनिंग कर रहे हैं और अपने कदम बढ़ा रहे हैं। 100 सिर्फ एक माइलस्टोन है, फिनिश लाइन नहीं। जब प्रधानमंत्री खुद चेस के लिए चीयर कर रहे हों तो लाखों और सपनों को अपनी पहली चाल मिल जाती है। भारतीय चेस को हमेशा आगे बढ़ाने के लिए शुक्रिया नरेंद्र मोदी जी।'
यह भी पढ़ें: तिमुर तुरलोव बने FIDE के 8वें अध्यक्ष, विश्वनाथन आनंद उपाध्यक्ष
कैसे बनते हैं ग्रैंड मास्टर?
चेस के खेल में ग्रैंड मास्टर सबसे ऊंचा खिताब माना जाता है। इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) की ओर से दिए जाने वाले इस खिताब को हासिल करने के लिए हर खिलाड़ी को कुछ अहम पड़ाव पार करने होते हैं। बता दें कि नए खिलाड़ी जब खेलना शुरू करते हैं और FIDE रेटिंग 2200 को पार कर लेते हैं तो उन्हें कैंडिडे मास्टर कहा जाता है। रेटिंग 2300 होने पर FIDE मास्टर, रेटिंग 2400 और 3 IM नॉर्म्स होने पर इंटरनेशनल मास्टर और फिर 2500 रेटिंग और 3 GM नॉर्म्स हासिल करने के पास ग्रैंड मास्टर का टाइटल मिलता है।
