भारत के महान गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने विदेशी कोचों को तरजीह देने के हॉकी इंडिया के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद जूनियर टीम के कोच के पद से उन्हें हटाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर बुधवार (13 मई) को एक पोस्ट में श्रीजेश ने लिखा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें हटाया गया, क्योंकि हॉकी इंडिया जूनियर लेवल पर भी विदेशी कोच चाहता है।

 

श्रीजेश ने 'X' पर लिखा, 'लगता है कि मेरा कोचिंग कैरियर डेढ़ साल के बाद ही खत्म हो गया है, जिसमें हमने पांच टूर्नामेंट खेले और जूनियर वर्ल्ड कप समेत पांच बार पोडियम पर रहे। मैंने सुना है कि खराब प्रदर्शन के बाद कोचों को हटाया जाता है लेकिन पहली बार विदेशी कोच की नियुक्ति के लिये मुझे हटाया जा रहा है।' श्रीजेश ने कहा, 'हॉकी इंडिया अध्यक्ष का कहना है कि सीनियर पुरूष टीम के मुख्य कोच जूनियर लेवल पर भी विदेशी कोच चाहते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि इससे जूनियर लेवल से सीनियर लेवल पर भारतीय हॉकी के विकास में मदद मिलेगी।'

 

यह भी पढ़ें: फ्लॉप हुआ पाकिस्तानी बल्लेबाज, शुभमन गिल को फायदा; टेस्ट रैंकिंग में लगाई छलांग

श्रीजेश ने पूछे कड़े सवाल

भारत की जूनियर टीम के कोच के रूप में श्रीजेश का कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था और उन्होंने इस पद के लिए फिर से आवेदन किया था। भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच साउथ अफ्रीका के क्रेग फुल्टन हैं, जबकि महिला टीम के कोच नीदरलैंड्स के शोर्ड मारिन हैं। श्रीजेश पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद अंडर-21 पुरूष टीम के मुख्य कोच बने थे। उनके कार्यकाल में टीम ने जूनियर एशिया कप में गोल्ड, जूनियर वर्ल्ड कप और जोहोर कप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। श्रीजेश ने आगे लिखा, 'क्या भारतीय कोच भारतीय हॉकी का विकास नहीं कर सकते।'

 

यह भी पढ़ें: रोमाचंक हो गई है प्लेऑफ की रेस, KKR को शिकस्त देकर नंबर-1 बनेगी RCB?

श्रीजेश ने कहा कि खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी कहा था कि देश को उनके जैसे कोचों की जरूरत है लेकिन हॉकी इंडिया का भरोसा सिर्फ विदेशी कोचों पर है। उन्होंने कहा, '7 मार्च 2026 को माननीय खेलमंत्री श्री मनसुख मांडविया के साथ एक मुलाकात में मुझे कहा गया था कि 2036 ओलंपिक की तैयारी के लिए श्रीजेश हमें तुम्हारे जैसे कोचों की जरूरत है।' श्रीजेश ने आगे कहा, 'लेकिन हॉकी इंडिया का भरोसा चारों टीमों के लिए भारतीय कोचों की बजाय विदेशी कोचों पर है।' श्रीजेश ने अपने पोस्ट में खेलमंत्री, PMO, हॉकी इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण और हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की को टैग किया है।