ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को पुरुषों की ट्रिपल जंप इवेंट में भारत ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। प्रवीण चित्रावेल ने सिल्वर मेडल और सेल्वा प्रभु तिरुमरण ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को एक साथ दो पदक दिलाए। इस डबल पोडियम फिनिश ने एथलेटिक्स में भारत की बढ़ती ताकत को एक बार फिर साबित कर दिया।
प्रवीण चित्रावेल ने चौथे प्रयास में 16.58 मीटर की शानदार छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर की बेस्ट छलांग के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन से भारत के पदकों की संख्या में और इजाफा हुआ।
यह भी पढ़ें: CWG 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का धमाका, प्रीति और जैस्मिन ने जीता गोल्ड
प्रवीण ने की दमदार वापसी
मुकाबले की शुरुआत में प्रवीण चित्रावेल संघर्ष करते नजर आए। पहले प्रयास में उन्होंने 16.05 मीटर की छलांग लाई और शुरुआती तीन राउंड के बाद वह पांचवें स्थान पर थे। तीसरे प्रयास में उन्होंने 16.31 मीटर का प्रदर्शन किया लेकिन असली कमाल चौथे प्रयास में देखने को मिला। 16.58 मीटर की लंबी छलांग के साथ उन्होंने मुकाबले में शानदार वापसी की और सिल्वर मेडल पर कब्जा जमा लिया। उनका यह प्रदर्शन पूरे मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स: नीरज चोपड़ा को जैवलिन में सिल्वर मेडल, गोल्ड से कैसे चूके?
सेल्वा ने लगातार सुधारा अपना प्रदर्शन
सेल्वा प्रभु तिरुमरण ने भी पूरे मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 16.17 मीटर की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल कर लिया। इसके बाद तीसरे प्रयास में 16.43 मीटर और फिर 16.52 मीटर की अपनी सबसे बेहतरीन छलांग लगाई। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया। सेल्वा की लगातार बेहतरीन छलांगों की बदौलत भारत ट्रिपल जंप में दो पदक जीतने में सफल रहा।
