BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत 17 अगस्त से हो रही है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन के स्टार खिलाड़ियों के जमावड़े में भारतीय फैंस की निगाहें पीवी सिंधु पर रहने वाली है। सिंधु इस चैंपियनशिप में अपने छठे मेडल के लिए उतर रही हैं। उन्हें 9वीं वरीयता दी गई है। डबल ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु ने हाल ही में जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट का खिताब जीतकर अपनी फॉर्म दिखाई है। उन्होंने फाइनल में तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया था।
सिंधु का यह पिछले दो साल में पहला खिताब था। वहीं 2019 में वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद से यह उनका सबसे बड़ा टाइटल था। उन्होंने इस बड़ी खिताब जीत के दौरान यामागुची से पहले हान यू और चेन यू फेई जैसी खिलाड़ियों को भी मात दी थी। सिंधु वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपने अभियान का आगाज आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ करेंगी। नोबल की वर्ल्ड रैंकिंग 141 है, जबकि सिंधु 11वें नंबर पर हैं।
यह भी पढ़ें: BCCI के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनेंगे VVS लक्ष्मण, गंभीर-अगरकर का क्या होगा?
5 वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीत चुकी हैं सिंधु
सिंधु वर्ल्ड चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा मेडल जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2013 और 2014 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। 2017 और 2018 में सिंधु ने फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा। पहले नोजोमी ओकुहारा और फिर कैरोलिना मारिन ने उनका खिताबी जीत का सपना तोड़ा था।
सिंधु ने इस निराशा को जल्द ही पीछे छोड़ते हुए 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया था। वह वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। उन्होंने फाइनल में ओकुहारा की चुनोती ध्वस्त की थी। वर्ल्ड चैंपियनशिप में उनका यह पांचवां मेडल था। हालांकि इसके बाद से वह इस चैंपियनशिप में कोई मेडल नहीं सकी हैं। इस बार उनकी शुरुआती राह मुश्किल नहीं है लेकिन मेडल के लिए उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: भारत या पाकिस्तान, कौन ज्यादा जीता है हॉकी वर्ल्ड कप?
कौन-कौन है सिंधु की राह में रोड़ा?
सिंधु का सामना शुरुआती राउंड में वर्ल्ड नंबर-1 आन से यंग और मौजूदा चैंपियन यामागुची से नहीं होगा। साउथ कोरिया की आन से यंग के खिलाफ सिंधु एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी हैं। दोनों खिलाड़ियों का 10 बार आमना-सामना हुआ है, जिसमें हर बार साउथ कोरियाई खिलाड़ी भारी पड़ी है। यामागुची के खिलाफ सिंधु का रिकॉर्ड 16-14 का है। मेडल राउंड में सिंधु का मुकाबला आन से यंग और यामागुची से हो सकता है।
इससे पहले राउंड ऑफ 16 में सिंधु का सामना चीन की वांग झी यी से होने की संभावना है। तीसरी वरीयता प्राप्त इस खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु का रिकॉर्ड 4-3 का है। वहीं क्वार्टर-फाइनल में उनकी भिड़ंत इंडोनेशिया की छठी सीड कुसुमा वरदानी से हो सकती है। सिंधु ने इस इंडोनेशियाई खिलाड़ी को 3 बार हराया है, जबकि 3 मैचों में उन्हें हार का भी सामना करना पड़ा है।
