दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी ने रणजी ट्रॉफी में लगातार दूसरा दोहरा शतक जड़कर विराट कोहली और गौतम गंभीर जैसे दिग्गजों की लिस्ट में जगह बना ली है। उनकी शानदार पारी से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी मुकाबले में मेजबान झारखंड के खिलाफ दूसरे दिन (27 अक्टूबर) स्टंप्स तक अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस महीने की शुरुआत में गुजरात के खिलाफ 217 रन बनाने वाले बदोनी ने झारखंड के खिलाफ 228 गेंद पर नाबाद 210 रन बनाए।
बदोनी की इस पारी की बदौलत दिल्ली ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 515 रन बनाकर घोषित की। बदोनी ने सुमित माथुर के साथ छठे विकेट के लिए 334 रन की विशाल साझेदारी की। पारी घोषित किए जाने के समय माथुर ने 253 गेंद पर नाबाद 150 रन बना लिए थे।
इसके जवाब में झारखंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 131 रन बना लिए थे। उत्कर्ष सिंह 53 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले बदोनी का औसत 60 रन से अधिक है। लगातार दो फर्स्ट क्लास पारियों में दोहरा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दिल्ली के दिग्गज कोहली और गंभीर भी शामिल हैं। बदोनी इस उपलब्धि को हासिल करने वाले 21वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
यह भी पढ़ें: MP के सामने 2 दिन भी नहीं टिक सका बिहार, रणजी ट्रॉफी में लगातार तीसरी हार
केरल के खिलाफ शमी ने झटके 3 विकेट
बंगाल ने मंगलापुरम में अपनी पहली पारी में 350 रन बनाने के बाद केरल के 35 ओवर में 101 रन पर 6 विकेट गिरा दिए। बंगाल की ओर से मोहम्मद शमी ने 20 रन देकर 3 विकेट झटके। पुणे में गुजरात की पहली पारी के 223 रन के जवाब में महाराष्ट्र ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट पर 278 रन बना लिए। सौरभ नवाले ने 95 रन की अहम पारी खेली। गुजरात की ओर से चिंतन गजा और सिद्धार्थ देसाई ने 3-3 विकेट हासिल किए।
