इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 57वां मुकाबला आज (13 मई) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। RCB ने इस मैदान को अपना दूसरा घर बनाया हुआ है। यहां उसने रविवार (10 मई) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज कर लगातार दो हार का सिलसिला तोड़ा था। रजत पाटीदार ब्रिगेड चाहेगी कि अब यही मोमेंटम बना रहे, क्योंकि टूर्नामेंट के इस मोड़ पर एक भी गलती टीम की मुसीबतें बढ़ा सकती हैं।

 

RCB के पास 11 मैचों में 14 पॉइंट्स हैं। वह टेबल में दूसरे पायदान पर है। अगर आज RCB जीत दर्ज करती है तो फिर से टेबल टॉपर बन जाएगी, क्योंकि उसका नेट रन रेट गुजरात टाइटंस (GT) से काफी बेहतर है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली GT के पास 16 पॉइंट्स हैं। KKR के खिलाफ मिली जीत RCB को भी 16 पॉइंट्स तक पहुंचा देगी और बेहतर नट रेट के साथ वह नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमा लेगी। साथ ही प्लेऑफ में उसकी जगह लगभग पक्की हो जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या की कप्तानी में लड़खड़ाई MI? रोहित के बाद बिगड़ा टीम का खेल

KKR के लिए हर मैच नॉकआउट

लगातार 5 हार के साथ सीजन की शुरुआत करने वाली KKR ने जबरदस्त वापसी की है। उसने अपने पिछले 4 मुकाबले जीत लिए हैं। हालांकि अब भी टीम के लिए हर मैच नॉकआउट बना हुआ है। KKR को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बचे हुए सभी 4 मुकाबले जीतने ही होंगे। अगर इनमें से वह एक भी हारती है तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे। कप्तान अजिंक्य रहाणे चाहेंगे कि टीम जीत के फॉर्मूले पर बरकरार रहे और RCB के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को और बेहतर कर ले। KKR हेड टू हेड रिकॉर्ड में 20-15 से आगे है।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं नाहिद राणा? जिसने पाकिस्तान की कर दी ऐसी-तैसी

पिच कैसा खेलेगी?

RCB और MI के बीच रायपुर में हुआ पिछला मुकाबला लो-स्कोरिंग थ्रीलर रहा था। पिच से तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के लिए बराबर मदद थी। खासकर पहली पारी में स्पिनर्स काफी कारगार दिखे थे। वहीं पेसर्स को दोनों पारियों में शुरुआती ओवरों में स्विंग हासिल हुई। आज भी ऐसी ही पिच होने की उम्मीद की जा रही है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:

कोलकाता नाइट राइडर्स - फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा, प्रशांत सोलंकी/दक्ष कामरा

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - जैकब बेटेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड/जैकब डफी, रसिख सलाम, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा