इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत अब 15 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलेंगे। पंत की DC में वापसी हुई है। पिछले दो सीजन से वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से जुड़े हुए थे। LSG ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन में इस विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए 27 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। उन्हें टीम की कमान भी सौंपी गई लेकिन वह बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों मोर्चे पर फेल रहे।

 

इस साल के IPL के बाद उन्होंने LSG की कप्तानी छोड़ दी थी। अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें DC के साथ ट्रेड कर लिया है। कुलदीप यादव DC से LSG में आ गए हैं, वहीं पंत की घर वापसी हुई है। कुलदीप 13.5 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर LSG से जुड़े। पंत को 12 करोड़ रुपये की चपत लगी है। आइए जानते हैं IPL में पंत की तरह और किन खिलाड़ियों को खराब फॉर्म या ऑक्शन डायनेमिक्स की वजह से नुकसान झेलना पड़ा है।

 

यह भी पढ़ें: हर मैच में लगभग 3 गोल, इस बार के FIFA वर्ल्ड कप में टूट जाएगा सर्वकालिक रिकॉर्ड

वेंकटेश अय्यर

भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2025 सीजन के लिए 23.5 करोड़ रुपये दिए थे। हालांकि अगले ही सीजन KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया। वेंकटेश को ऑक्शन में जाना पड़ा, जहां उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ( RCB ) ने 7 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया। उन्हें 16.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। RCB ने इस सीजन वेंकटेश को शुरुआती मैचों में नहीं उतारा था लेकिन फिल सॉल्ट और जैकब बेथेल के चोटिल होने के बाद उन्हें लगातार मौके मिले और उन्होंने 6 पारियों में 186.60 के स्ट्राइक रेट से 209 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

सैम करन

इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन IPL 2022 ऑक्शन में 18.5 करोड़ रुपये में बिके थे। उनके लिए पंजाब किंग्स (PBKS) ने रिकॉर्ड बोली लगाई थी। वह इतनी बड़ी कीमत में PBKS के लिए 2023 और 2024 सीजन में खेले लेकिन उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद IPL 2025 ऑक्शन में उनकी 2.3 करोड़ रुपये की ही बोली लगी। वह 16.2 करोड़ रुपये के घाटे का साथ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में शामिल हुए।

 

यह भी पढ़ें: सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू, इतिहास रचने की दहलीज पर वैभव सूर्यवंशी

काइल जेमीसन

कीवी हरफनमौला काइल जेमीसन को RCB ने IPL 2021 के ऑक्शन में 15 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस सीजन वह 9 मैच में 9 विकेट ही ले पाए। उनके बल्ले से महज 65 रन निकले। जेमीसन ने 2022 सीजन से अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद RCB ने उन्हें रिलीज कर दिया। 2023 सीजन में वह ऑक्शन में उतरे लेकिन उनके लिए सिर्फ 1 करोड़ रुपये की बोली लगी। CSK ने जेमीसन को उनके बेस प्राइस पर खरीदा। उन्हें 14 करोड़ रुपये की चपत लगी।

मिचेल स्टार्क

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को KKR ने IPL 2024 ऑक्शन में 24.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। स्टार्क ने प्लेऑफ में धारदार गेंदबाजी कर KKR को 10 साल बाद चैंपियन भी बनाया लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें अगले ही सीजन में रिलीज कर दिया। स्टार्क 2025 के ऑक्शन में उतरे, जहां DC ने उन्हें 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा। स्टार्क को 13 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

झाय रिचर्डसन

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज झाय रिचर्ड्सन IPL 2021 ऑक्शन में 14 करोड़ रुपये में बिके थे। उन्हें PBKS ने बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया लेकिन वह कोविड से प्रभावित सीजन में 3 ही मैच खेल पाए। सितंबर में सीजन के दूसरे हाफ से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। ऐसे में PBKS न उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद जब वह ऑक्शन में आए तब उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। 2023 के ऑक्शन में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा। रिचर्डसन बेस प्राइस पर ही बिके और उन्हें 12.5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ।