आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेल रहे वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड ने 3 मई को इतिहास रच दिया। शेफर्ड ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ महज 14 गेंद में फिफ्टी ठोक दी। 30 साल के रोमारियो शेफर्ड आरसीबी के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। वहीं आईपीएल के इतिहास में यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा। 

 

आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है। यशस्वी ने 2023 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सिर्फ 13 गेंद में फिफ्टी जड़ दिया था। शेफर्ड के अलावा केएल राहुल और पैट कमिंस भी 14-14 गेंद में अर्धशतक ठोक चुके हैं।

 

शेफर्ड ने खलील के ओवर में जड़े 33 रन

 

कप्तान रजत पाटीदार के आउट होने के बाद रोमारियो शेफर्ड उस समय क्रीज पर उतरे,जब आरसीबी की पारी धमाकेदार शुरुआत के बाद पटरी से उतर गई थी। पिछली 22 गेंद में सिर्फ 17 रन आए थे। 17.4 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 157 रन पर 5 विकेट हो गया था। उन्हें बड़े स्कोर तक पहुंचने के लिए धाकड़ फिनिश की जरूरत थी। शेफर्ड ने रन बनाने का जिम्मा उठाया और 18वें ओवर में खलील अहमद का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया। उन्होंने तीसरी गेंद पर चौका जड़ने के बाद अगली गेंद को भी छह रन के लिए भेजा। 

 

शेफर्ड ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। खलील दबाव में ओवरस्टेप कर बैठे थे और अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया। इस तरह सिर्फ 4 गेंद में ही 28 रन आ चुके थे। शेफर्ड फ्री-हिट गेंद पर कोई रन नहीं बना सके लेकिन उन्होंने ओवर की समाप्ति चौके के साथ की। उन्होंने खलील के इस ओवर में 33 रन बटोरकर आरसीबी को 190 के पार पहुंचा दिया।

 

यह भी पढ़ें: विराट कोहली ने IPL में जड़ा 62वां अर्धशतक, वॉर्नर के बराबर पहुंचे
 

 

यह भी पढ़ें: कगिसो रबाडा ने बीच में क्यों छोड़ा IPL? खुद किया चौंकाने वाला खुलासा

 

पारी की आखिरी दो गेंद पर मारे दो छक्के

 

आखिरी ओवर लेकर आए मथीशा पथिराना की पहली गेंद पर टिम डेविड सिंगल लेकर शेफर्ड को स्ट्राइक पर ले आए। शेफर्ड ने दूसरी और चौथी गेंद पर चौका लगाकर आरसीबी का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के जड़े और अपना ऐतिहासिक अर्धशतक पूरा किया। शेफर्ड की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने अंतिम 2 ओवर में 54 रन बटोरे, जिससे उन्होंने 213 रन का विशोक टोटल खड़ा किया। इससे पहले विराट कोहली (62) और जैकब बेथेल (55) ने भी धमाकेदार पारियां खेली।