इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 69वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए गए इस मुकाबले में RR ने MI को 30 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। RR के लिए यह 'करो या मरो' वाला मुकाबला था। उसने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर MI को 175 पर ही रोक प्लेऑफ में रॉयल एंट्री ली।
RR की जीत में जोफ्रा आर्चर स्टार रहे। सातवें नंबर पर प्रमोट किए जाने पर उन्होंने 15 गेंद में 32 रन ठोके। आर्चर ने 1 चौका और 3 छक्के उड़ाए। इसके बाद गेंदबाजी में कमाल करते हुए उन्होंने पावरप्ले में रोहित शर्मा (0) और नमन धीर (6) का विकेट निकाला और फिर 16वें ओवर में हार्दिक पंड्या (34) का विकेट लेकर RR की जीत पक्की कर दी। आर्चर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट झटके। इस धाकड़ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
यह भी पढ़ें: BCCI से है बैन खतरा, फिर भी नखरा कर रहे हैं विदेशी खिलाड़ी, भड़के PBKS के मालिक
PBKS और KKR बाहर
RR ने 16 पॉइंट्स के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई। इसके साथ ही पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सफर समाप्त हो गया है। MI के खिलाफ अगर RR हारती तब PBKS और KKR के पास मौका रहता। PBKS के पास 15 पॉइंट्स थे। KKR भी 15 पॉइंट्स तक ही पहुंच सकती है। ऐसे में RR की हार ने दोनों को बाहर कर दिया।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: छा गए बिहारी बाबू... वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा टी20 का वर्ल्ड रिकॉर्ड
ऐसा रहा मैच का हाल
MI के कप्तान हार्दिक पंड्या ने दोपहर के मुकाबले में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। RR ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवा लेकिन वह किसी भी तरह 200 के आंकड़े को पार करने में सफल रही। उसके लिए यशस्वी जायसवाल (27), ध्रुव जुरेल (38), दसुन शनाका (29), आर्चर (32) और रवींद्र जडेजा (नाबाद 19) ने छोटी लेकिन तेज पारियां खेली। MI की ओर से दीपक चाहर ने 4 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट लिए।
RR ने बड़ा टोटल बनाने के बाद पावरप्ले में ही MI के 4 विकेट गिरा दिए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (60), विल जैक्स (33) और हार्दिक (34) ने उसकी मुश्किलें बढ़ाईं लेकिन आखिरी ओवरों में आर्चर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा और नांद्रे बर्गर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए उसे प्लेऑफ का टिकट दिला दिया।
