इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच ट्राई सीरीज का पहला मैच दाम्बुला में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतकीय पारी खेली है। IPL 2026 में बेहद खराब फॉर्म में दिखे ऋतुराज ने 114 गेंद में 101 रन जड़ दिए हैं। यह उनके लिस्ट-ए करियर का 21वां शतक है। ऋतुराज ने उस समय क्रीज पर कदम रखा, जब युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह की ओपनिंग जोड़ी 16 रन ही पर ही पवेलियन लौट गई थी।
IPL 2026 में तूफानी बल्लेबाजी करने वाले वैभव 12 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। वहीं प्रभसिमरन 11 गेंद खेलकर 2 रन ही बना सके। मुश्किल स्थिति में बल्लेबाजी करने आए ऋतुराज ने प्रियांश आर्य के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी कर इंडिया-ए को शुरुआती झटके से उबारा। यह जोड़ी प्रियांश (32) के दुर्भाग्यपूर्ण रूप से रन आउट होने के चलते टूटी।
यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर बड़ा अपडेट... ODI सीरीज खेलेंगे या नहीं? हो गया साफ
इंडिया-ए की जर्सी में चौथा लिस्ट-ए शतक
प्रियांश के पवेलियन लौटने के बाद ऋतुराज को कप्तान तिलक वर्मा का साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की। इस बीच ऋतुराज ने 112 गेंद में इंडिया-ए के लिए अपनी चौथी लिस्ट-ए सेंचुरी पूरी की। हालांकि इसके तुरंत बाद वह वानुजा सहान का शिकार बन गए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के जडे़। ऋतुराज के आउट होते ही तिलक भी चलते बने। तिलक ने 97 गेंद में 60 रन की धीमी पारी खेली।
शेडगे की तूफानी पारी
ऋतुराज की शतकीय पारी के बावजूद भारतीय टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचती नहीं दिख रही थी, क्योंकि तिलक ने सिर्फ 61.85 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। तिलक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 45 ओवर में 225/5 था। यहां से सूर्यांश शेडगे ने 14 गेंद में नाबाद 26 रन ठोक भारत को 6 विकेट के नुकसान पर 276 रन तक पहुंचा दिया। आयुष बदोनी ने 18 गेंद में 24 रन का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें: बेन स्टोक्स की कप्तानी जाएगी, ड्रॉप भी होंगे... आखिर नाइटक्लब में हुआ क्या था?
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
इंडिया-ए: वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विपराज निगम, अनुकूल रॉय, अंशुल कम्बोज
श्रीलंका-ए: निरोशन डिकवेला, अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समाराविक्रमा, चमिका करुणारत्ने, रविन्दु फर्नांडो, सहान अराचिगे (कप्तान), वानुजा सहान, विजयकांत वियास्कंथ, मोहम्मद शिराज, गरुका संकेत
