देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया में सचिन तेंदुलकर के 100वें शतक का सेलिब्रेशन मनाया जा रहा था। सचिन की तारीफ में बोलने उठे बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने कहा कि सचिन के रिकॉर्ड मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन हैं। इस पर सचिन तेंदुलकर ने जो जवाब दिया, वह आज की हकीकत है। सचिन ने कहा था कि विराट और रोहित उनमें से हैं, जो उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। विराट कोहली ने उस वक्त तक 82 वनडे मैच खेले थे और उनके नाम 11 शतक थे। हालांकि, उसके बाद विराट कोहली ने कुछ ऐसा किया, जिससे न सिर्फ वह, बल्कि भारतीय क्रिकेट पूरी तरह बदल गई। विराट कोहली के नाम आज वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक शतक हैं।
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। विराट ने साल 2008 में 19 साल की उम्र में डेब्यू किया था। अपने 18 साल के इंटरनेशनल करियर में विराट कोहली ने 'चीकू' से 'किंग' तक का सफर तय किया है। विराट कोहली बचपन से ही क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श मानते थे। 38 साल के विराट और 38 साल के सचिन के बीच किसका रिकॉर्ड बेहतर है, यह जानना दिलचस्प होगा।
38 की उम्र में सचिन के रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर ने 1989 में 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। 38 साल की उम्र तक मास्टर ब्लास्टर ने तीनों फॉर्मेट में 631 मैच खेले थे। इस दौरान उनके बल्ले से 32,813 रन निकले थे। इसमें टेस्ट क्रिकेट के 14,692 और वनडे के 18,111 रन शामिल थे। उन्होंने एक T20 इंटरनेशनल मैच में भी 10 रन बनाए थे। सचिन के नाम उस समय टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक और वनडे में 48 शतक थे यानी उनके कुल अंतरराष्ट्रीय शतकों की संख्या 99 थी। वह उस समय तक 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड से सिर्फ एक शतक दूर थे।
यह भी पढ़ें: 'ये मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा', विराट कोहली ने संन्यास पर दिया बड़ा संकेत
सचिन जब रिटायर हुए, तो उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में 34,357 रन थे। सचिन के नाम कुल 100 शतक थे। सचिन ने करियर का 100वां शतक मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था।
38 साल की उम्र में विराट के रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। 38 साल के होने तक वह 566 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इन मैचों में उन्होंने कुल 28,601 रन बनाए हैं। उनके नाम 86 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं। टेस्ट से संन्यास ले चुके विराट ने इस फॉर्मेट में कुल 9,230 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम 30 शतक हैं। वहीं, वनडे में उन्होंने 15,183 रन बनाए हैं और 55 शतक लगाए हैं। T20 इंटरनेशनल में विराट के नाम 4,188 रन और एक शतक है।
विराट ने अपने 38वें जन्मदिन से एक दिन पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में 74 रन की पारी खेली थी। इस पारी के साथ उनके वनडे रनों की संख्या 15,183 हो गई थी।
यह भी पढ़ें: 'ये मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा', विराट कोहली ने संन्यास पर दिया बड़ा संकेत
रनों में सचिन तो शतकों में विराट आगे
38 साल की उम्र में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के आंकड़ों की तुलना करें, तो कुल रनों के मामले में सचिन आगे हैं। सचिन ने 32,813 रन बनाए थे जबकि विराट के नाम 28,601 रन हैं यानी विराट को सचिन के इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 4,212 रन और बनाने होंगे।
शतकों की बात करें, तो सचिन के नाम 99 अंतरराष्ट्रीय शतक थे जबकि विराट 86 शतक लगा चुके हैं। इस मामले में भी विराट सचिन से 13 शतक पीछे हैं। हालांकि, वनडे क्रिकेट में विराट कोहली सचिन तेंदुलकर से आगे निकल चुके हैं। सचिन ने अपने करियर में 49 वनडे शतक लगाए थे, जबकि विराट के नाम अब 55 वनडे शतक हैं। यानी विराट ने सचिन से 6 वनडे शतक ज्यादा लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: ‘भैया, खेलूंगा भी वैसे ही’, वैभव ने नेट में अभिषेक शर्मा से क्यों कही थी ये बात?
'सचिन पाजी सचिन पाजी रहेंगे'
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के दौरान पहले ही मैच में विराट ने शतक लगाया था। यह उनके करियर का 55वां शतक था। इसके बाद हुए इंटरव्यू में विराट ने सचिन से तुलना पर जवाब दिया था। विराट ने कहा, 'मेरे लिए सचिन पाजी हमेशा सचिन पाजी ही रहेंगे। उन्होंने अपने दौर में क्रिकेट को बदल दिया था। मेरे लिए यह आंकड़ों और तुलना से कहीं बढ़कर है। लोगों पर उन्होंने जो प्रभाव छोड़ा है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।'
