तिरुवनंतपुरम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में टॉस के वक्त जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि संजू सैमसन खेल रहे हैं, तब स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सीरीज के पहले 4 मैचों में फ्लॉप रहे संजू का इस मुकाबले में खेलना तय नहीं था। अटकलें लगाई जा रही थीं कि टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट संजू को ड्रॉप पर ईशान किशन से ओपनिंग करवा सकता है लेकिन संजू पर फिर से भरोसा जताया गया। मगर लगातार पांचवें मैच में वह भरोसे पर खरा नहीं उतरे।
अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे संजू अपनी दूसरी ही गेंद पर बाल-बाल बचे। काइल जेमीसन की गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर डीप थर्ड की दिशा में चौके के लिए चली गई। अगल स्लिप होती तो संजू का खाता भी नहीं खुलता। लगा कि संजू को किस्मत का साथ मिलेगा और वह बड़ी पारी खेलेंगे लेकिन वह अगले ही ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे।
फर्ग्यूसन ने खत्म की संजू की पारी
बाहरी किनारा लगने के बाद संजू ने कुछ गेंद संभलकर खेली लेकिन तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर उनका धैर्य जवाब दे गया। वह लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद को कवर के ऊपर से भेजना चाहते थे लेकिन बाहरी किनारा लेकर गेंद डीप थर्ड के पास चली गई और पूरा स्टेडियम थम सा गया। लोकल ब्वॉय संजू भारी कदमों से पवेलियन लौटे। वह 6 गेंद में 6 रन ही बना सके।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली का इंस्टा अकाउंट फिर एक्टिव, वजह पर अब भी सस्पेंस बरकरार
संजू ने खेल लिया आखिरी मैच?
हर मैच में खराब प्रदर्शन के बाद संजू को अब 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में खेलना मुश्किल हो गया है। उन्हें ईशान किशन रिप्लेस कर सकते हैं। ईशान ने नंबर-3 पर आकर तिरुवनंतपुरम में धमाकेदार शतकीक पारी खेली। ईशान ने महज 43 गेंद का सामना करते हुए 103 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। ईशान के सनसनीखेज शतक की मदद से भारत ने 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 225 पर समेट 44 रन से जीत दर्ज की। इसके साथ ही टीम इंडिया 4-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया।
यह भी पढ़ें: पहली 16 गेंद में 18 रन, फिर आई ईशान किशन की आंधी और टूट गया सूर्या का रिकॉर्ड
संजू जहां पूरी सीरीज में 46 रन ही बना पाए, वहीं ईशान ने 4 मैच खेले और 53.75 की औसत और 231.18 के बेजोड़ स्ट्राइक रेट से 215 रन कूट दिए। वह सूर्यकुमार यादव (242) के बाद सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। टी20 वर्ल्ड कप में तिलक वर्मा की वापसी के बाद उन्हें संजू की जगह ओपनिंग स्लॉट में भेजा जा सकता है।
