पाकिस्तान के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद सभी तरह के क्रिकेट से रिटायर हो गए हैं। उन्होंने रविवार (15 मार्च) को अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 100 मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी करने वाले सरफराज ने ऐसे समय में क्रिकेट को अलविदा कहा है, जब वह पहले ही मेंटर और मैनेजर के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत कर चुके हैं। उन्हें हाल ही में पाकिस्तान अंडर-19 और पाकिस्तान-A टीम के लिए यह जिम्मेदारी निभाई थी। 

 

सरफराज ने अपना अंतिम इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच के तौर पर खेला था। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बयान में संन्यास लेने की घोषणा की। बोर्ड के एक सूत्र ने बताया कि सरफराज के संन्यास लेने की औपचारिक घोषणा के बाद अब PCB उन्हें लंबी अवधि के लिए नेशनल टेस्ट टीम का हेड कोच नियुक्त कर सकता है। PCB ने ऑलराउंडर अजहर महमूद का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया था, जिसके बाद से टेस्ट टीम के हेड कोच का पद खाली है। महमूद ने पिछले साल टेस्ट टीम के अंतरिम हेड कोच के तौर पर काम किया था।

 

यह भी पढ़ें: 'संजू पावरप्ले में ही मैच...' गंभीर ने बताया सैमसन की वापसी की इनसाइड स्टोरी

कोहली का तोड़ा सपना 

सरफराज पाकिस्तान के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने जूनियर (अंडर-19) और सीनियर लेवल पर ICC ट्रॉफी जीता। खास बात है कि उन्होंने दोनों मौकों पर फाइनल में भारत के खिलाफ पाक टीम को जीत दिलाई। सरफराज ने 2006 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ जीत दिलाकर पाकिस्तान को चैंपियन बनाया था। इसके बाद 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में उन्होंने टीम इंडिया का सपना तोड़ा।

 

विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार थी लेकिन फाइनल में बाजी पलट गई। फखर जमान के धुआंधार शतक, मोहम्मद आमिर की धारदार गेंदबाजी और सरफराज की चपल कप्तानी से पाकिस्तान ने भारत को 180 रन के बड़े अंतर से हराया। कोहली का बतौर कप्तान यह पहला ICC टूर्नामेंट। यहां मौका चूकने के बाद वह अपनी कप्तानी में आगे भी ICC ट्रॉफी नहीं जीत पाए।

 

यह भी पढ़ें: क्रिकेटर कुलदीप यादव ने रचाई शादी, वंशिका संग लिए सात फेरे, देखें पहली तस्वीर

'सपने में भी नहीं सोचा...'

सरफराज ने अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच पिछले साल अक्टूबर में खेला था। उन्होंने कहा कि वह अपने अन्य रोल पर फोकस करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान की कप्तानी करूंगा और 2006 में ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप और 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतूंगा। यह मेरे लिए अविस्मरणीय क्षण रहे हैं।' सरफराज ने पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट, 117 वनडे इंटरनेशनल और 61 टी20I मैच खेले हैं।