इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) के अगले सीजन के लिए गोवा में 16 दिसंबर को प्लेयर ऑक्शन होना है। ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों के स्काउट्स घरेलू क्रिकेट में टैलेंट ढूंढने में लगे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) पर उन पर पैनी निगाहें हैं। इस टी20 टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ी भी स्काउट्स का ध्यान खींचने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।  

 

SMAT में ग्रुप स्टेज की समाप्ति तक प्रियांश आर्य, यश ढुल और समीर रिजवी रन बनाने के मामले में सबसे आगे चल रहे हैं। प्रियांश और रिजवी को उनकी IPL फ्रेंचाइजियों ने रिटेन किया है। वहीं ढुल की निगाहें IPL में कमबैक करने पर है। गेंदबाजी में आंध्र के सत्यनारायण राजू, त्रिपुरा के मनिशंकर मुरासिंह और केरल के एमडी निधीश कहर बरपा रहे हैं। इन खिलाड़ियों के अलावा 3 ऐसे भी प्लेयर्स हैं, जिन पर फ्रेंचाइजियों की नजरें रहने वाली हैं।

 

यह भी पढ़ें: त्रिसा-गायत्री सेमीफाइनल में... तन्वी और उन्नति के बीच फाइनल में पहुंचने की जंग

तेजस्वी दहिया

दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने SMAT 2026 में 7 पारियों में 227.64 के स्ट्राइक रेट से 280 रन बनाए हैं। तेजस्वी ने हरियाणा के खिलाफ महज 36 गेंद में 95 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिससे दिल्ली ने 232 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। दमदार फिनिशर और विकेटकीपिंग का विकल्प देने वाले इस 24 साल के खिलाड़ी को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रिलीज कर दिया था। अब वह ऑक्शन में बड़ी बोली हासिल कर सकते हैं।

कार्तिक चड्ढा

पंजाब के लेग स्पिनर कार्तिक चड्ढा भले ही SMAT 2026 में 3 मैचों में 3 ही विकेट ले सके हैं लेकिन उनकी चर्चा जोरों पर है। कार्तिक ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने लुधियाना लायंस के लिए खेलते हुए 10 मैचों में 14 विकेट चटकाए थे। सबसे खास बात उनकी इकॉनमी सिर्फ 6.45 की रही थी। कार्तिक IPL फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में इंटर्न के तौर पर चुने जा चुके हैं। माना जा रहा है कि वह कई फ्रेंचाइजियों के राडार पर हैं।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2027: रोहित शर्मा को फिर मिली मुंबई इंडियंस की कमान, कितने सफल रहे हिटमैन?

रवि सिंह

रेलवे के लिए खेल रहे बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज रवि सिंह SMAT 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-10 में शामिल हैं। रवि ने 7 पारियों में 194.93 के स्ट्राइक रेट से 308 रन जड़े हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है। वह पिछले IPL सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेले थे। उन्हें सिर्फ एक मैच खिलाने के बाद फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया। रवि फिर से ऑक्शन में उतरने वाले हैं। लोअर ऑर्डर में आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की उनकी काबिलियत को देखते हुए उन पर पैसों की बारिश हो सकती है।