भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) का कोच बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कोलकाता में मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि DC का मुख्य कोच बनने के साथ-साथ बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) का अध्यक्ष बने रहने में कोई गलत बात नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके पास बीसीसीआई (BCCI) का स्पष्ट आदेश मौजूद है। इसलिए दोनों पदों को एक साथ संभालने में कोई हितों का टकराव नहीं है।

 

गांगुली साल्ट लेक स्टेडियम में भारत और उरुग्वे के बीच खेले गए फीफा फ्रेंडली मैच के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) में अपनी नई भूमिका को लेकर खुशी जताई और कहा कि वह दिल्ली कैपिटल्स का मार्गदर्शन करने के लिए काफी उत्साहित हैं।

 

यह भी पढ़ें: मेसी का ‘द लास्ट टैंगो’, 85 हजार फैंस के बीच खेला अर्जेंटीना के लिए आखिरी मैच

पहली बार बनेंगे IPL कोच

गांगुली पहली बार किसी आईपीएल टीम के मुख्य कोच का पद संभालेंगे। वह दिल्ली कैपिटल्स में हेमंग बदानी की जगह लेंगे। 2027 सत्र में वह टीम की अगुआई करेंगे। गांगुली 2019 से दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हैं। वह पुरुष और महिला दोनों टीमों में क्रिकेट निदेशक समेत कई भूमिकाएं निभा चुके हैं। लेकिन मुख्य कोच का यह उनका पहला कार्यकाल होगा। गांगुली ने कहा, 'दिल्ली कैपिटल्स अच्छा खेलेगी। मैं इस भूमिका के लिए उत्साहित हूं।'

भारतीय फुटबॉल पर भी बोले

गांगुली ने भारतीय फुटबॉल टीम के बड़ी टीमों के खिलाफ खेलने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'यह एक अच्छी पहल है। खिलाड़ी इसी तरह सीखेंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'यह रातोंरात नहीं होता। अच्छी टीम के खिलाफ खेलकर ही आप बेहतर बनते हैं।' भारत ने इस दौरे में ब्राजील से 0-4 और उरुग्वे से 1-6 से हार झेली। पनामा के खिलाफ मैच 1-1 से बराबर रहा था।

मेसी की रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया

गांगुली ने लियोनल मेसी के बेनिन के खिलाफ विदाई मैच पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'मैं सुबह मैच नहीं देख पाऊंगा। दोबारा टेलीकास्ट पर देखूंगा।' मेसी के संन्यास पर गांगुली ने कहा, 'यही खेल का नियम है। यह सभी के लिए है।'

 

यह भी पढ़ें: टीम में गुटबाजी, अनबन... हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने की वजहें क्या हैं?

पीएम मोदी को बधाई दी

गांगुली ने पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई भी दी। मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 साल पूरे किए हैं। गांगुली ने कहा, 'वह एक विशाल देश के नेता हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।'