भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित बयान को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जिसमें कप्तानी छिनने या चयनकर्ताओं से नाराजगी जताई गई हो। सूर्यकुमार ने कहा कि भारतीय टीम, उनके साथी खिलाड़ी और क्रिकेट के प्रति उनका समर्पण किसी भी फर्जी बयान से कहीं ज्यादा मजबूत है।

 

सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'मैंने देखा कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम से एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान न तो दिया है और न ही किसी को इसे मेरे नाम से चलाने की इजाजत दी है। इसलिए किसी भी अपुष्ट या अफवाह वाली जानकारी पर भरोसा न करें और उसे आगे शेयर करने से भी बचें।' सूर्यकुमार के इस पोस्ट के बाद लोग एक बार फिर उस वायरल बयान के बारे में गूगल पर सर्च करने लगे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 45 साल की उम्र में भी जलवा बरकरार, आखिर इतने खास कैसे बने MS Dhoni?

क्या था वायरल दावा?

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव के नाम से एक बयान तेजी से वायरल हो रहा था। इसमें दावा किया गया था कि टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया और चयनकर्ताओं ने उन्हें भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। कथित बयान में यह भी कहा गया था कि उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वह हकदार थे। अब सूर्यकुमार यादव ने खुद सामने आकर इन सभी दावों को खारिज कर दिया है।

 

सूर्यकुमार यादव भारत के सबसे सफल टी20 कप्तानों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिनमें से 40 मैचों में जीत हासिल की। उनकी कप्तानी का जीत प्रतिशत 80.76 रहा, जो भारतीय टी20 क्रिकेट के बेस्ट रिकॉर्ड में गिना जाता है।

 

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने 7वीं बार जीता T20 वर्ल्डकप, इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया

सूर्या ने वैभव की जमकर की तारीफ

अपने पोस्ट में सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना की और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का विशेष रूप से जिक्र भी किया। सूर्यकुमार यादव ने अपने बयान में कहा, 'मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा यही दुआ करता हूं कि उन्हें आगे भी खूब सफलता मिले। मुझे पता है कि हमारे खिलाड़ी अपना 100% दे रहे हैं और उन्हें मेरा पूरा समर्थन हमेशा मिलता रहेगा। वैभव के लिए मैं खास तौर पर कहना चाहूंगा कि यह तुम्हारे शानदार सफर की सिर्फ शुरुआत है। हर पल का आनंद लो और ऐसे ही देश का नाम रोशन करते रहो।'