उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 का फाइनल आज (6 सितंबर) लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। खिताबी मुकाबले में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स और भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने है। मेरठ मावेरिक्स लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बनाई है। वहीं लखनऊ फाल्कन्स का यह पहला फाइनल है।
फॉर्म में है लखनऊ फाल्कन्स
लखनऊ फाल्कन्स की टीम लगातार सात मैच जीतकर फाइनल में पहुंची है। भुवनेश्वर की कप्तानी वाली टीम की टूर्नामेंट में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और वह अपने शुरुआती 4 मैचों में से 3 हार गई थी। इसके बाद उसने जबरदस्त वापसी की और अपने अगले 6 लीग मैचों में से 5 जीत लिए, जबकि मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे टीम को एक अंक मिला। इस तरह लखनऊ फाल्कन्स ने 13 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर फिनिश किया और उसे क्वालिफायर 1 खेलने का मौका मिल गया।
यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की आएगी आंधी? ईस्ट जोन की पहले बैटिंग
लखनऊ फाल्कन्स ने इसके बाद क्वालिफायर 1 में मेरठ मावेरिक्स पर शानदार जीत के साथ सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इस जीत में कप्तान भुवनेश्वर कुमार के 4/10 के निर्णायक स्पेल ने अहम भूमिका निभाई। लखनऊ की टीम का अभियान अजीत वर्मा और मोहम्मद सैफ की लगातार अच्छी बल्लेबाजी से मजबूत हुआ है। अजीत वर्मा ने 263 रन बनाए हैं, तो सैफ ने 233 रन बटोरे हैं।
ऑलराउंडर विपराज निगम ने अहम मौकों पर निचले क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 160 के करीब स्ट्राइक रेट बनाए रखने के साथ-साथ 11 विकेट भी लिए हैं। लखनऊ फाल्कन्स की सबसे बड़ी ताकत उसकी गेंदबाजी है, जिसकी कमान किफायती गेंदबाजी करने वाले भुवनेश्वर कुमार (6 से कम की इकॉनमी रेट से 13 विकेट) और तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने संभाली हुई है। अभिनंदन सिंह 21 विकेट के साथ पर्पल कैप की रेस में दूसरे स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें: Duleep Trophy: फाइनल में गरज रहा है वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, यहां देखें LIVE
मेरठ मावेरिक्स की लय बिगड़ी
मेरठ मावेरिक्स ने सीजन की शुरुआत में ही लगातार 7 जीत दर्ज करके अपना दबदबा बनाया और 15 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। हालांकि सीजन के आखिर में उसकी लय बिगड़ गई और वह लगातार दो मैच हार गई। इसके बाद उसे क्वालिफायर 1 में भी हार का सामना करना पड़ा।
रिंकू की कप्तानी में टीम ने क्वालिफायर 2 में नोएडा किंग्स को छह विकेट से हराकर UP टी20 लीग के फाइनल में पहुंचने का अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखा। मेरठ मावेरिक्स की बल्लेबाजी लाइनअप में टूर्नामेंट के सबसे आक्रामक खिलाड़ी शामिल हैं। ओपनर स्वास्तिक चिकारा ने 166.49 के स्ट्राइक रेट से 308 रन बनाए हैं, जबकि कप्तान रिंकू सिंह ने 171 के स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाकर टीम को फिनिशिंग पावर दी है।
यह भी पढ़ें: पंजाब की टी20 लीग में IPL सितारों के बीच अनजान खिलाड़ियों का प्रदर्शन कैसा है?
गेंदबाजी विभाग की कमान लेग स्पिनर जीशान अंसारी ने संभाली है, जो 6.79 की इकॉनमी से 23 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। यश गर्ग का भी अहम ऑलराउंड योगदान रहा है। उन्होंने क्वालिफायर 2 में तीन विकेट लेने के साथ-साथ नाबाद अर्धशतक जड़कर अपनी काबिलियत दिखाई थी।
