उत्तर प्रदेश टी20 लीग का चौथा एडिशन शुरू हो गया है। 6 टीमों वाला यह टूर्नामेंट 23 दिन तक चलेगा। रिंकू सिंह और भुवनेश्वर कुमार जैसे बड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी के बीच युवा खिलाड़ी भी अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। इस लीग में अच्छा प्रदर्शन उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) लीग तक का सफर तय करा सकता है। IPL ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों के स्काउट्स घरेलू क्रिकेट लीग्स के दौरान काफी ऐक्टिव रहते हैं। वे टैलेंट को पहचान कर फ्रेंचाइजी के मैनेजमेंट को बताते हैं, जिसके बाद फ्रेंचाइजी उस खिलाड़ी को ऑक्शन में खरीद लेती है।
यूपी टी20 लीग से ही निकले विशाल निषाद पर पिछले IPL ऑक्शन में पंजाब किंग्स (PBKS) ने 30 लाख रुपये की बोली लगाई थी। मिस्ट्री स्पिनर विशाल ने यूपी टी20 लीग में गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते हुए स्काउट्स को प्रभावित किया था। इसके बाद इस अनजान खिलाड़ी को PBKS ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। विशाल निषाद को भले ही PBSK की ओर से कोई मैच खेलने को नहीं मिला लेकिन उनका IPL तक पहुंचना बताता कि यूपी टी20 लीग अब कितना बड़ा मंच बन चुकी है।
यह भी पढ़ें: नंबर-3 पर दो साल का सूखा खत्म... देवदत्त पडिक्कल ने गॉल टेस्ट में जड़ा शतक
इस प्लेयर पर बरसे थे करोड़ों
यूपी टी20 लीग की शुरुआत 2023 में हुई थी। अपने पहले ही सीजन में इस लीग ने समीर रिजवी जैसा सुपरस्टार दिया। समीर रिजवी ने उस सीजन महज 9 पारियों में 455 रन ठोके थे, जिसमें 2 शतकीय पारियां शामिल थीं। इसके कुछ ही महीनों बाद उन पर IPL 2024 ऑक्शन में पैसों की बरसात हो गई थी। चेन्नई सुपर किंग्स जैसी बड़ी टीम ने इस युवा बल्लेबाज को 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। रिजवी की तरह ही स्वास्तिक चिकारा भी यूपी टी20 लीग में नाम बनाने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ( RCB ) में शामिल हुए थे।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप 2026: भारत का पहला मैच वेल्स से... टीम की क्या है ताकत और कमजोरी?
इन खिलाड़ियों की भी चमकी किस्मत
तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह 2024 एडिशन में शानदार प्रदर्शन की बदौलत RCB तक पहुंचने में कामयाब हुए। उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स के लिए खेलते हुए 10 पारियों में 15 विकेट चटकाए थे। विपराज निगम ने भी उस साल लखनऊ फाल्कन्स की ओर से 11 पारियों में 20 विकेट लिए थे, जिसके बाद उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की टीम में जगह मिल गई थी। इन युवा खिलाड़ियों के अलावा जीशान अंसारी के करियर को भी यूपी टी20 लीग ने ही नया मोड़ दिया।
ऋषभ पंत और ईशान किशन के साथ अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुके लेग स्पिनर जीशान गुमनामी में खो गए थे। उन्होंने यूपी टी20 लीग 2024 में 24 विकेट लेकर मेरठ मावेरिक्स को चैंपियन बनाया और स्काउट्स का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीद लिया था। IPL 2026 में SRH ने जीशान को 10 मैचों में खिलाया, जिसमें उन्होंने 6 विकेट झटके।
