वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट की दुनिया में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 15 साल और 232 दिन की उम्र में वह पुरुष T20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी की। इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में उतरते ही उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।

 

वैभव के करियर में यह एक और बड़ी उपलब्धि है। करीब पांच महीने पहले ही उन्होंने भारत के लिए T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। वहीं, 10 महीने से भी कम समय पहले उन्होंने जिम्बाब्वे में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

पहले मैच में 18 रन बनाकर आउट हुए

वैभव के टीम में शामिल होने से बिहार को मजबूती मिली है। टीम 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले हाफ में लगातार चार मैच हार चुकी है। ऐसे में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि, सौराष्ट्र के खिलाफ वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 12 गेंदों पर 18 रन बनाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने उन्हें कैच एंड बोल्ड आउट किया। इस मैच में बिहार ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।

इस मैच के बाद वैभव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए सिर्फ एक और मुकाबला खेल सकेंगे। इसके बाद वह भारत ए की टीम से जुड़ेंगे। भारत ए को 19 नवंबर से दोहा में ACC राइजिंग स्टार्स इमर्जिंग टूर्नामेंट खेलना है। यह टूर्नामेंट 50 ओवर के फॉर्मेट में होगा।

न्यूजीलैंड दौरे पर भी दिखाया था दम

वैभव ने हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर भारत के लिए खेला था। इस सीरीज के एक मैच में उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों पर 45 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ 7.1 ओवर में 133 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी। वैभव ने इस सीरीज में दो T20I मैच खेले। भारत ने यह सीरीज 3-2 से जीती थी।

 

यह भी पढ़ें: वनडे क्रिकेट में कब-कब बुरी तरह हारा भारत? ये हैं 5 सबसे बड़ी हार के रिकॉर्ड

 

सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबला बिहार के लिए वैभव का आठवां T20 मैच था। वहीं, वह अपने करियर का कुल 44वां T20 मैच खेल रहे थे। इनमें से 23 मैच उन्होंने IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले हैं। वहीं पिछले साल नवंबर में भी वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया था। उन्होंने ACC राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत ए की ओर से UAE के खिलाफ सिर्फ 42 गेंदों पर 144 रन बनाए थे। यह किसी भारतीय बल्लेबाज का T20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक था।