वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मैच में भारत को 6 विकेट से रौंद दिया है। रांची में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसे कैरेबियाई टीम ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज का यह सबसे सफल रन चेज है। कप्तान शाई होप 45 गेंद में 102 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 9 छक्के लगाए। 

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम ने पावरप्ले में 3 विकेट खो दिए थे लेकिन कप्तान शाई होप और शरफेन रदरफोर्ड ने चौथे विकेट के लिए 54 गेंद में 120 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी कर बाजी पलट दी। रदरफोर्ड 37 गेंद में 84 रन की धुआंधार पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के उड़ाए। उनके जाने के बाद होप को रोमारियो शेफर्ड का साथ मिला और इन दोनों ने बाकी बचे 72 रन महज 27 गेंद में ही बना लिए। होप ने छक्के के साथ मैच फिनिश किया और टी20 इंटरनेशनल में अपनी दूसरी सेंचुरी भी पूरी की। शेफर्ड 13 गेंद में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद लौटे।

 

यह भी पढ़ें: 'धोनी के घर' में तिलक वर्मा ने की छक्कों की बारिश, दुनिया में अब कोई नहीं आगे

बुरी तरह पिटे भारतीय गेंदबाज

मयंक यादव ने पहले ही ओवर में 2 विकेट लेकर वेस्टइंडीज की हालत खराब कर दी थी। उन्होंने कामिल पूरन को तीसरी गेंद पर रवि बिश्नोई (सब्स्टिट्यूट फील्डर) के हाथों लपकवाने के बाद अगली गेंद पर शिमरोन हेटमायर को चलता कर दिया। हेटमार 144 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद पर लेट हो गए, जो उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों में समा गई। शाई होप और रोवमन पॉवेल ने तीसरे विकेट के लिए 27 गेंद में 53 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को इन झटकों से उबारा लेकिन मयंक ने पावरप्ले के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर पॉवेल (24) को क्लीन बोल्ड कर कैरेबियाई टीम को फिर से बैकफुट पर भेज दिया।

 

भारतीय टीम अब मुकाबले को अपनी मुट्ठी में करती दिख रही थी लेकिन होप और रदरफोर्ड ने चौथे विकेट के लिए 9 ओवर में 120 रन की साझेदारी कर बाजी पलट दी। कुलदीप यादव ने रदरफोर्ड का अहम समय पर विकेट झटक भारत की वापसी कराने की कोशिश की लेकिन होप ने शेफर्ड के साथ मिलकर कोई मौका नहीं दिया। मयंक ने 3 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। कुलदीप ने 4 ओवर में 53 रन खर्चते हुए एक विकेट चटकाया। अक्षर पटेल ने 3.3 ओवर में 63 रन लुटाए। वह खाली हाथ रहे। भारतीय गेंदबाजों की पिटाई का आलम यह रहा कि किसी की भी इकॉनमी 11 से कम नहीं रही।

 

यह भी पढ़ें: Asian Games: सेना के खिलाड़ियों ने जीते 20 मेडल, नीरू ढांडा और गुलवीर सबसे सफल

ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने 42 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक 12 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद संजू (82) और ईशान किशन (43) ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। दोनों के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (40) और उप-कप्तान तिलक वर्मा (44) ने जमकर आतिशबाजी करते हुए भारत को 249/5 के स्कोर तक पहुंचा दिया लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ।