तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर टीम इंडिया में वापस आ गए हैं। उन्हें हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम के कप्तानी का मौका मिला है। यह टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हांगकांग में खेला जाएगा। हांगकांग सिक्सेस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, टीम में सात IPL खिलाड़ी शामिल हैं।
भुवनेश्वर कुमार के अलावा टीम में कृणाल पंड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन हैं। यह टूर्नामेंट छह-छह खिलाड़ियों वाले क्रिकेट फॉर्मेट में होता है। इस बार का संस्करण पहला है, जिसमें JSW Sports कमर्शियल पार्टनर है।
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर कुमार को नहीं मिल रहा विकेट... UP टी20 लीग में छाए अभिनंदन सिंह
टीम में कौन-कौन शामिल है?
भुवनेश्वर कुमार (कप्तान) और क्रुणाल पंड्या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हैं। शशांक सिंह पंजाब किंग्स, राहुल तेवतिया गुजरात टाइटंस और राहुल त्रिपाठी कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े हैं। नीतीश राणा और टी नटराजन दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। भुवनेश्वर के पास अंतरराष्ट्रीय और IPL का लंबा अनुभव है। वह नई गेंद से असर डाल सकते हैं।
क्रुणाल पंड्या टीम में ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। नीतीश राणा टॉप ऑर्डर में आक्रामक बल्लेबाजी करेंगे। शशांक सिंह और राहुल तेवतिया फिनिशर की भूमिका में होंगे। राहुल त्रिपाठी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और नटराजन टीम के विशेषज्ञ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
यह भी पढ़ें: Asian Games: शूटिंग में मिली निराशा... इन गेम्स में चमका भारत, पूरा लेखा-जोखा
पिछले साल कैसा रहा था मुकाबला?
भारत ने 2025 में अभियान की शुरुआत पाकिस्तान पर DLS नियम से दो रन की जीत के साथ की थी। इसके बाद टीम अगले मैच हारकर बाहर हो गई थी। पाकिस्तान मौजूदा चैंपियन है। उसने पिछले साल फाइनल में पहली बार खेल रही कुवैत को हराकर रिकॉर्ड छठा खिताब जीता था।
इस बार के टूर्नामेंट में क्या अलग है?
इस बार टूर्नामेंट में 8 प्रमुख क्रिकेट देश और चार एसोसिएट सदस्य हिस्सा लेंगे। मैच टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में होंगे। क्रिकेट हांगकांग, चाइना के मार्केटिंग और कमर्शियल निदेशक अनुराग भटनागर ने भारतीय क्रिकेट अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह भारत की ओर से सिक्सेस में उतरी अब तक की सबसे मजबूत टीमों में से एक हो सकती है।
कहां खरीदें टिकट?
टूर्नामेंट के तीनों दिन के टिकट 780 हांगकांग डॉलर में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन कहां देख सकते हैं?
यह मैच ऑनलाइन सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं?
यह भी पढ़ें: Irani Cup: रेस्ट ऑफ इंडिया ने कब-कब जीती है ईरानी कप? पूरी लिस्ट
हांग कांग सिक्सेज है क्या?
हांग कांग सिक्सेज की शुरुआत वर्ष 1992 में हुई थी। यह 6 खिलाड़ियों वाली टीमों के बीच खेला जाने वाला एक तेज-तर्रार क्रिकेट फॉर्मेट है। इस फॉर्मेट में हर पारी 5 से 6 ओवरों की होती है। विकेटकीपर को छोड़कर फील्डिंग करने वाली टीम के बाकी सभी 5 खिलाड़ियों को कम से कम एक ओवर गेंदबाजी करना अनिवार्य होता है।
बल्लेबाज के 50 रन पूरे होते ही उसे 'रिटायर नॉट आउट' होना पड़ता है। अगर सारे विकेट गिर जाएं तो दोबारा बल्लेबाजी करने वह क्रीज पर आ सकता है। 5 विकेट गिरने की स्थिति में अंतिम बल्लेबाज रनर के सहयोग से अकेले तब तक स्ट्राइक पर रहकर बल्लेबाजी करता है जब तक कि छठा विकेट न गिर जाए या ओवर खत्म न हो जाएं।
