एलेक्जेंडर ज्वेरेव लाल बजरी के नए बादशाह बन गए हैं। जर्मनी के इस खिलाड़ी ने फ्रेंच ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। ज्वेरेव ने 5 सेट तक खींचे फाइनल मुकाबले में इटली के फ्लावियो कोबोली को 6-1, 4-6, 6-4, 6-7(5), 6-1 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम टाइटल जीता। इससे पहले यह 29 साल का खिलाड़ी ग्रैंड स्लैम का 3 फाइनल हार चुका था।
ज्वेरेव 2024 में भी फ्रेंच ओपन खिताब के करीब पहुंचे थे लेकिन फाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने इस निराशा को पीछे छोड़ते हुए आखिरकार अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत ही लिया। ज्वेरेव 89 साल बाद फ्रेंच ओपन टाइटल जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बने हैं।
यह भी पढ़ें: 'कार्लसन से भी खतरनाक हैं प्रज्ञानानंदा...' चेस के दिग्गज ने किया सनसनीखेज दावा
कोबोली ने दी कांटे की टक्कर
ज्वेरेव ने रविवार (7 जून) को खेले गए फाइनल मुकाबले में जोरदार आगाज किया और पहला आसानी से 6-1 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में कोबोली ने वापसी की और इसे 6-4 से जीत लिया। ज्वेरेव ने तीसरा सेट 6-4 से जीत बढ़त हासिल की लेकिन कोबोली ने चौथे सेट को टाई-ब्रेकर में 7-6(5) से जीतकर मुकाबले को पांचवें सेट में पहुंचा दिया।
पांचवें और निर्णायक सेट में ज्वेरेव ने कोबोली को कोई मौका नहीं दिया और 6-1 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने 30 साल का सूखा खत्म कर दिया। दरअसल, 1996 के बाद पहली बार कोई जर्मनी का पुरुष खिलाड़ी ग्रैंड स्लैम चैंपियन बना।
यह भी पढ़ें: विमेंस टी20 WC की दावेदार टीम इंडिया, पिछले 5 एडिशन में क्या हाल रहा है?
कौन हैं ज्वेरेव?
एलेक्जेंडर ज्वेरेव की जड़े रूस से जुड़ी हुई हैं। ज्वेरेव के माता-पिता सोवियत संघ के लिए टेनिस खेलते थे, जिससे उन्हें बेहद कम उम्र में ही इस खेल से प्यार हो गया। ज्वेरेव जूनियर सर्किट में वर्ल्ड नंबर-1 रह चुके हैं। उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में जूनियर मेजर सिंगल्स खिताब जीता था। मौजूदा रैंकिंग नंबर-3 पर काबिज ज्वेरेव ने टीनएज में ही दिग्गज टेनिस प्लेयर रोजर फेडरर को हरा दिया था।
ज्वेरेव 17 साल की उम्र में ATP चैलेंजर टूर खिताब जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में से एक हैं। 6 फीट 6 इंच लंबा यह खिलाड़ी 11 साल से ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स में खेल रहा है। ज्वेरेव 3 बार ग्रैंड स्लैम का फाइनल हारने के अलावा 7 बार सेमीफाइनल में भी शिकस्त झेल चुके हैं। अब जाकर उन्होंने ग्रैंड स्लैम खिताब का सूखा खत्म किया है। ज्वेरेव की इससे पहले सबसे बड़ी उपल्बधि टोक्यो ओलंपिक के फाइनल में जीत थी। उन्होंने गोल्ड जीतकर इतिहास रचा था।
