भारत की 18 वर्षीय स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने शनिवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने विश्व जूनियर स्क्वाश चैंपियनशिप के महिला सिंगल्स फाइनल में मिस्र की रुकय्या सलेम को आसानी से हरा कर देश की पहली विश्व जूनियर चैंपियन बन गईं।
अनाहत ने मैच 11-3, 11-7, 11-9 से जीता।यह भारत के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। अनाहत सिंह अब तक की सबसे बेहतरीन युवा स्क्वाश खिलाड़ी साबित हुई हैं। पिछले साल इसी टूर्नामेंट में वे सेमीफाइनल तक पहुंची थीं और कांस्य पदक जीता था।
यह भी पढ़ें: पोलियो से जूझे, ई रिक्शा चलाया, कॉमनवेल्थ में देश के लिए मेडल ले आए झंडू कुमार
कैसे खिताब जीतीं अनाहत सिंह?
अनाहत सिंह ने इस बार पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और खिताब अपने नाम कर लिया। अनाहत ने क्वार्टर फाइनल में मिस्र की हबीबा रिज्क को हराया और सेमीफाइनल में दूसरी मिस्र की खिलाड़ी को 3-1 से हराकर फाइनल में पहुंची थीं।
पूरे खेल में विरोधी पर भारी रहीं
फाइनल में वह पूरी तरह से नियंत्रण में रहीं। पहले गेम में उन्होंने 11-3 से बड़ी जीत दर्ज की। दूसरे गेम में 11-7 और तीसरे गेम में 11-9 से मैच अपने नाम किया।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी अनाहत को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह भारत के लिए गर्व का पल है। अनाहत सिंह अब भारतीय स्क्वाश की सबसे बड़ी उम्मीद बन गई हैं।
यह भी पढ़ें: CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में कहां दिखेगा, कितने खिलाड़ी हैं? हर डिटेल
कौन हैं अनाहत सिंह?
अनाहत दुनिया की टॉप-20 खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने इस साल कई बड़े टूर्नामेंट जीते हैं और एशियन गेम्स में भी पदक जीते हैं। अनाहत सिंह ने कहा था कि यह विश्व जूनियर चैंपियनशिप उनका आखिरी जूनियर टूर्नामेंट होगा। अब वह पूरी तरह सीनियर सर्किट पर आ चुकी हैं और दुनिया की टॉप-20 खिलाड़ियों में शामिल हैं।
पिछले साल इसी टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतने वाली अनाहत इस बार उस पदक का रंग बदलना चाहती थीं और उन्होंने इसे शानदार अंदाज में पूरा कर दिखाया। अनाहत से उम्मीदें पहले भी थीं। सिर्फ 14 साल की उम्र में उन्होंने 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
16 साल की उम्र में एशियन गेम्स में पदक जीते। अब जब स्क्वाश ओलंपिक खेल बन गया है, तो अनाहत दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। अनाहत सिंह की इस जीत से भारत स्क्वाश गेम में और मजबूत होता दिख रहा है। अब 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में स्क्वाश शामिल होने वाला है, जहां अनाहत से अच्छी उम्मीदें हैं।
