IPL 2026 अब काफी रोचक मोड़ पर आ गया है। इस सीजन में बड़े-बड़े स्टार खिलाड़ी सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस बीच दिल्ली कैपिटल्स के 22 साल के युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने अपने खेल और अपनी सादगी से लोगों के दिलों में अपने लिए जगह बना ली है। जब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 211 रन का मुश्किल लक्ष्य हासिल कर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं। इस मैच में एक समय में दिल्ली जीत से दूर जाता हुआ नजर आ रहा था लेकिन अपना दूसरा IPL मैच खेलने वाले युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी पंजाब की जीत में रोड़ा बन गए। उन्होंने दिल्ली के मुंह से जीत छिन ली।
माधव तिवारी ने अपने खेल से तो लोगों को अपना फैन बनाया ही बल्कि इससे ज्यादा अपनी सादगी और भावुक बातों से उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया है। पहली बार इतने बड़े मंच पर चमकने वाले इस युवा खिलाड़ी ने अपनी मां को लेकर जो बात कही, उसने सोशल मीडिया पर हजारों लोगों को भावुक कर दिया। अब वह सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: PBKS vs DC: 3 विकेट से जीता दिल्ली, पंजाब की लगातार चौथी हार ने बढ़ाई टेंशन
मैच के बाद क्या कहा?
मैच के बाद इंटरव्यू में माधव तिवारी ने कहा, 'मेरी मां को क्रिकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन वह हर मैच से पहले मेरे लिए भगवान से प्रार्थना करती हैं।' यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। क्रिकेट फैंस ने कहा कि IPL में करोड़ों की चमक के बीच यह खिलाड़ी अब भी जमीन से जुड़ा हुआ है। कई लोगों ने उनकी तुलना उन भारतीय क्रिकेटरों से की, जो छोटे शहरों और संघर्ष भरे माहौल से निकलकर स्टार बने।
दिल्ली की जीत का हीरो
धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। शुरुआती ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स दबाव में नजर आई और टीम ने जल्दी विकेट गंवा दिए। एक समय पर दिल्ली ने 74 रनों पर 4 विकेट खो दिए थे और ऐसा लग रहा था कि मैच पंजाब की झोली में जा चुका है।
इसके बाद दिल्ली के बल्लेबाजों ने संभलकर खेला और मैच में वापसी की। इसी दौरान माधव तिवारी ने दबाव भरे हालात में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने तेजी से रन बनाए और मैच का मोमेंटम बदल दिया। गेंदबाजी में भी उन्होंने अहम योगदान दिया। यही वजह रही कि उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पहली बार मिला बड़ा मौका
माधव तिवारी को दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले में खास रणनीति के तहत मौका दिया था। टीम मैनेजमेंट ने पंजाब के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में कई बदलाव किए थे और युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया गया। कप्तान अक्षर पटेल और कोचिंग स्टाफ ने माधव को खुलकर खेलने की सलाह दी थी।
मैच के बाद माधव ने बताया कि उन्होंने नेट्स में लगातार मेहनत की थी। उन्होंने कहा कि टीम के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल और बल्लेबाजी कोच इयान बेल ने उनकी काफी मदद की। खासकर पावर हिटिंग और डेथ ओवर्स में बल्लेबाजी पर उन्होंने बहुत काम किया। यही मेहनत मैच में दिखाई भी दी।
यह भी पढ़ें: PBKS vs DC: जीत की पटरी पर लौटना चाहेगा पंजाब, प्लेइंग-11 में बदलाव संभव
कौन हैं माधव तिवारी?
माधव तिवारी का क्रिकेट सफर के बारे में आज हर कोई जानना चाहता है। माधव तिवारी मूल रूप से मध्य प्रदेश के मऊगंज के रहने वाले हैं। वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और आक्रामक बल्लेबाज हैं। उनको दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 40 लाख रुपये में खरीदा था लेकिन उन्हें बहुत कम मौका मिला और वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। फ्रेंचाइजी ने उनकी क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2026 सीजन के लिए रिटेन किया।
माधव तिवारी की कहानी में सिर्फ IPL ही नहीं बल्कि यहां तक पहुंचने की जर्नी भी है। उन्होंने मध्य प्रदेश की सीनियर घरेलू टीम के लिए डेब्यू किए बिना ही IPL कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर लिया था। उन्होंने अपनी पहचान मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) में भोपाल लेपर्ड्स की ओर से खेलते हुए बनाई। इसके अलावा, उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
