एक तरफ भारत में IPL का रोमांच चल रहा है, तो वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश दौरे पर टेस्ट सीरीज खेल रही है। दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 8 से 12 मई तक खेला गया, जिसमें बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो युवा गेंदबाज नाहिद राणा रहे। जिन्होंने दूसरी पारी में पाकिस्तान के आधे बल्लेबाजों को अकेले पवेलियन भेज दिया। उनकी तूफानी गेंदबाजी के बाद हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी और देखते ही देखते वह सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे।

 

यह मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया था। मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने पहली पारी में 413 रन ठोक दिए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 386 रन पर सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में बांग्लादेश ने 240 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। पाकिस्तानी बल्लेबाज दूसरी पारी में पूरी तरह फ्लॉप रहे और पूरी टीम सिर्फ 163 रन पर ऑलआउट हो गई। इसी के साथ बांग्लादेश ने यह मुकाबला 104 रन से अपने नाम कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: 'मेरी मां क्रिकेट के बारे में नहीं...', IPL में छाने के बाद बोले माधव तिवारी

नाहिद राणा ने दूसरी पारी में कमाल की गेंदबाजी करते हुए 9.5 ओवर में 4.06 की इकॉनमी से 5 विकेट झटके। उन्होंने शान मसूद, सऊद शकील, मुहम्मद रिजवान, नोमान अली और शाहीन अफरीदी को अपना शिकार बनाया। हालांकि, मैच की पहली पारी में वह सिर्फ 1 विकेट ही हासिल कर पाए थे।

कौन हैं नाहिद राणा?

नाहिद राणा बांग्लादेश के पारंपरिक क्रिकेट ढांचे से काफी अलग नजर आते हैं। वह देश के उत्तर-पश्चिमी जिले चपाई नवाबगंज से ताल्लुक रखते हैं। जहां बांग्लादेश में ज्यादातर गेंदबाज मध्यम गति पर निर्भर रहते हैं, वहीं नाहिद अपनी तेज रफ्तार और आक्रामक अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 18 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया, जो किसी प्रोफेशनल क्रिकेटर के लिए काफी देर मानी जाती है।

 

यह भी पढ़ें: PBKS vs DC: 3 विकेट से जीता दिल्ली, पंजाब की लगातार चौथी हार ने बढ़ाई टेंशन

 

नाहिद राणा का सफर खास इसलिए बन जाता है क्योंकि उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट खेले बिना ही राष्ट्रीय टीम तक का रास्ता तय किया। 2022-23 के फर्स्ट क्लास सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 41 विकेट झटके और चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसके बाद बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में भले ही उनके खाते में सिर्फ पांच विकेट आए लेकिन उनकी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी ने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं का भरोसा जीत लिया।

 

इसी दमदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें 2024 में बांग्लादेश की टेस्ट टीम में जगह मिली। उन्होंने बांग्लादेश के लिए 22 मार्च 2024 को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। इस मैच की दोनों पारियों को मिलकर उन्होंने 5 विकेट लिए थे।