अगले महीने की 15 तारीख यानी 15 अगस्त से भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलने जा रही है। श्रीलंका में होने वाली इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है। कुछ समय के बाद रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है। ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिला है और वह वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर टीम में शामिल किए गए हैं। जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन की फिटनेस को लेकर संशय है लेकिन उन्हें टीम में शामिल किया गया है। अगर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से इन दोनों को क्लियरेंस मिल जाता है तभी ये दोनों खिलाड़ी टीम में खेलते दिखेंगे।
दो टेस्ट मैच की इस सीरीज के लिए भारतीय टीम कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में उतरेगी। उपकप्तान के एल राहुल हैं और विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल शामिल हैं। हो सकता है कि ध्रुव जुरेल एक बार फिर से स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल किए जाएं। ऊपरी क्रम में यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन भी शामिल हैं। अगर जसप्रीत बुमराह फिट होते हैं तो वह मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्ण के साथ तेज गेंदबाजी की कमान संभाल सकते हैं। अगर बुमरार नहीं खेलते हैं तो गुरनूर बराड़ को भी मौका मिल सकता है।
कैसी है भारतीय टीम?
भारत की गेंदबाजी को देखें तो कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और सारांश जैन के रूप में चार अच्छे स्पिनर मौजूद हैं। इसमें दो गेंदबाज दाहिने हाथ से गेंद फेंकते हैं तो दो बाएं हाथ से। वहीं, तेज गेंदबाजी में अगर बुमराह फिट नहीं होते हैं तो उनकी जगह गुरनूर बराड़ को मौका मिल सकता है। हालांकि, यह देखना होगा कि भारतीय टीम तीन तेज गेंदबाजों के साथ खेलती है या उसकी जगह पर एक स्पिन आलराउंडर को मौका दिया जाता है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे में रचा इतिहास, किसका रिकॉर्ड तोड़ दिया?
इस टीम में कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ओपन करते दिखेंगे। उनके बाद के एल राहुल और ऋषभ पंत की जगह भी पक्की है। अगर एक अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाया गया और साई सुदर्शन भी फिट रहे तो उनके साथ-साथ ध्रुव जुरेल को भी मौका मिल सकता है। देवदत्त पड्डीकल भले ही टीम में हैं लेकिन उन्हें मौका मिलने की संभावना कम ही दिखती है।
वहीं, चार तेज गेंदबाजों में से दो या अधिकतम तीन और कम से कम दो आलराउंडर खिलाए जाने की संभावना है। इस स्थिति में कुलदीप यादव को भी बाहर बैठना पड़ सकता है।
कौन हैं सारांश जैन?
वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के चलते भारतीय टीम में सारांश जैन को शामिल किया गया है। इसी महीने इंडिया A के लिए खेलते समय सारांश जैन ने श्रीलंका A के खिलाफ दो पारियों में 6 विकेट लिए थे। इतना ही नहीं, पहली पारी में नाबाद 70 रन भी बनाए थे जबकि दूसरी पारी में उनकी बैटिंग ही नहीं आई। इसी प्रदर्शन का उन्हें इनाम मिला है और अब उनका चयन पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में हुआ है। 33 साल के सारांश जैन दाहिने हाथ से ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करते हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। यानी वह सुंदर का एकदम सटीक रिप्लेसमेंट हैं।
यह भी पढ़ें: वेस्टइंडीज ODI में बुमराह-श्रेयस समेत 8 स्टार बाहर, जानिए BCCI का क्या है प्लान
54 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके सारांश ने दो शतक के साथ 2223 रन बनाए हैं और कुल 188 विकेट लिए हैं। वहीं लिस्ट A के 47 मैचों में 553 रन बनाने के साथ-साथ 38 विकेट भी लिए हैं।
