दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को रिटायर हुए लगभग दो साल होने को हैं लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अभी तक उनका परफेक्ट रिप्लेसमेंट नहीं ढूंढ पाया है। वॉशिंगटन सुंदर को अश्विन का उत्तराधिकारी माना जाता है। मगर सुंदर ने गेंद के साथ इस टैग को जस्टिफाई नहीं किया है। उन्होंने अब तक 18 टेस्ट मैचों में सिर्फ 41 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक बार पंजा खोला है।

 

पिछले साल के अंत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर सुंदर 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में महज 1 ही विकेट ले पाए थे। उन्होंने 3 पारियों के दौरान 49 ओवर डाले और उनके नाम सिर्फ टेम्बा बावुमा का ही विकेट दर्ज हुआ। सुंदर ने अब तक घर में 10 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 25.51 की औसत से 27 विकेट चटकाए हैं।

 

सुंदर के जब घरेलू टेस्ट में ऐसे आंकड़े हैं तो यह तो नहीं ही कहा जाएगा उन्होंने अश्विन की कमी महसूस नहीं होने दी है। गेंदबाजी में सुंदर के औसत प्रदर्शन के कारण एक ऑफ स्पिन ऑलराउंडर की तलाश अभी पूरी नहीं मानी जा रही है। श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल हुए ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन की उम्र भी 33 की हो चुकी है।

 

यह भी पढ़ें: 'हर फैसले का हिसाब...' KL राहुल ने LSG के मालिक संजीव गोयनका को सुना दिया! VIDEO

सारांश का रिकॉर्ड अच्छा लेकिन कितने साल तक खेलेंगे?

मध्य प्रदेश के खिलाड़ी सारांश को श्रीलंका की बल्लेबाजी क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की भरमार को देखते हुए टीम में रखा गया है। उन्हें गॉल में टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। सारांश ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 188 विकेट झटके हैं और साथ ही 2223 रन भी बनाए हैं। इस गेंदबाज ने 10 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनके नाम 2 शतक भी दर्ज है।

 

रेड बॉल क्रिकेट में सारांश का रिकॉर्ड बेहतरीन है लेकिन बड़ा सवाल यही है कि वह कितने साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेले सकेंगे? उनकी उम्र को देखते हुए वह अधिकतम 3 से 4 साल तक ही टीम इंडिया के लिए खेल सकते हैं। ऐसे में BCCI को किसी लॉन्ग टर्म प्लान पर विचार करना होगा। यानी किसी ऐसे खिलाड़ी पर दांव लगाना होगा, जिसकी उम्र कम हो।

 

यह भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह ने चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते कितने टेस्ट मिस किए हैं?

कौन है जिस पर लगाया जा सकता है दांव?

मुंबई के ऑलराउंडर तनुष कोटियान एक अच्छे विकल्प हैं, जिन पर दांव लगाया जा सकता है। तनुष 27 साल के हैं। अश्विन के संन्यास के बाद उन्हें आखिरी टेस्ट के लिए टीम इंडिया में शामिल भी किया गया था। तनुष ने अब तक 44 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 131 विकेट झटके हैं। तनुष ने 65 पारियों में 42.50 की औसत से 2168 रन भी बनाए हैं। उनके बल्ले से दो शतक और 17 अर्धशतक निकले हैं।

 

तनुष ने 2023-24 सीजन में मुंबई को रणजी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 41.83 की औसत से 502 रन बनाने के अलावा 29 विकेट चटकाए थे। इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से नवाजा गया था। वह एक ही रणजी सीजन में 500 रन और 25 विकेट का डबल पूरा करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।