विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 का ऑक्शन बुधवार (28 अक्टूबर) को कोच्ची में होने जा रहा है। इस बार के ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों की किस्मत पर फैसला होना है। ऑक्शन में उतर रहे इन प्लेयर्स में से अधिकतम 27 खिलाड़ियों के लिए ही बोली लग सकेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि सभी 5 टीमों में इतने ही स्लॉट्स खाली हैं। टीमों के पास खर्च करने के लिए 8.15 करोड़ रुपये हैं।
यूपी वॉरियर्स की टीम सबसे बड़े पर्स के साथ उतरेगी। उसके पास 3.75 करोड़ रुपये बचे हुए हैं, जिसमें उसे 11 स्लॉट्स भरने हैं। मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम पैसे हैं। दो बार की चैंपियन टीम के पर्स में 90 लाख रुपये ही हैं। उसे 6 प्लेयर्स खरीदने हैं।
यह भी पढ़ें: स्कोरर की गलती की चलते 1 रन से हारी झारखंड की टीम? BCCI तक पहुंचा मामला
टीमों के मौजूदा पर्स और बचे हुए स्लॉट:
- यूपी वॉरियर्स - 3.75 करोड़ रुपये, 8 स्लॉट (3 विदेशी)
- मुंबई इंडियंस - 90 लाख रुपये, 6 स्लॉट
- गुजरात जायंट्स - 1.25 करोड़ रुपये, 3 स्लॉट (1 विदेशी)
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - 1.15 करोड़ रुपये, 5 स्लॉट (2 विदेशी)
- दिल्ली कैपिटल्स - 1.1 करोड़ रुपये, 5 स्लॉट (1 विदेशी)
ऑक्शन कैसे होगा?
सबसे पहले कैप्ड खिलाड़ियों यानी फ्रेंचाइजियां इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुकीं बैटर्स, ऑलराउंडर्स, विकेटकीपर्स, पेसर्स और स्पिनर्स की बोली लगेगी। इसके बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों की बारी आएगी। संभावना है कि 50वें नंबर की खिलाड़ी के बाद त्वरित नीलामी होगी।
डिमांड में कौन-कौन से प्लेयर्स रहेंगी?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस को रिलीज कर दिया है। उनकी पावर हिटिंग को देखते हुए वह सबसे ज्यादा डिमांड में रह सकती हैं। ऑक्शन में उनको खरीदने के लिए यूपी वॉरियर्स बड़ी रकम खर्च कर सकती है।
यह भी पढ़ें: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: पंजाब में इंटरनेशनल हॉकी की वापसी, किससे है पहला मैच?
ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सोफी मोलिन्यू भी कई फ्रेंचाइजियों के राडार पर होंगी। इसके अलावा जेस जॉनासन और इंग्लैंड की सोफिया डंकली भी महंगी रह सकती हैं।
भारतीय खिलाड़ियों में स्नेह राणा, जी कमालिनी, गोंगडी त्रिशा, किरण नवगिरे और स्वेता सहरावत पर बड़ी बोली लग सकती है।
कितने बजे शुरू होगा ऑक्शन और कहां देख सकते हैं?
खिलाड़ियों की बोली बुधवार शाम 5:30 से लगनी शुरू होगी, जिसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। मोबाइल पर ऑक्शन देखने के लिए जियोहॉटस्टार ऐप्प पर जाना होगा।
