इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के आगाज से ठीक पहले क्रिकेट के गलियारों में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर आर अश्विन पर युवराज सिंह के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह भड़के हुए दिख रहे हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अश्विन को लेकर यहां तक कह डाला कि तुम क्या हो और बकवास कर रहे हो।

 

दरअसल, आर अश्विन ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के टीम कॉम्बिनेशन पर अपनी बेबाक राय दी थी और कहा था कि इस साल अर्जुन तेंदुलकर को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना लगभग नामुमकिन है। अश्विन के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए योगराज सिंह बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने अश्विन की काबिलियत और उनके बोलने के लहजे पर ही सवाल उठा दिए।

 

यह भी पढ़ें: IPL में कभी खेलने को नहीं मिला, अब RCB खरीद ली, क्या है आर्यमन बिरला की कहानी?

 

योगराज सिंह ने न केवल आर अश्विन को मर्यादा में रहने की नसीहत दी, बल्कि सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की प्रतिभा को लेकर एक ऐसी खुली चुनौती दे डाली है। जिसने सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट पंडितों तक सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

अश्विन पर भड़के योगराज सिंह

एक हालिया इंटरव्यू में योगराज सिंह ने आर अश्विन के विश्लेषण को सिरे से खारिज करते हुए तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, 'आर अश्विन, जो कोई भी हो, वह बकवास कर रहा है। उसे पता होना चाहिए कि किसी दूसरे खिलाड़ी के बारे में क्या और कैसे बात करनी है। कोई टीवी पर बैठकर यह कैसे कह सकता है कि वह यह नहीं कर सकता या वह नहीं कर सकता। तुम कौन हो? तुम्हारी क्या हैसियत है जो किसी की काबिलियत पर फैसला सुना रहे हो?'

 

यह भी पढ़ें: RCB से पहले बिक गई राजस्थान रॉयल्स, खरीदने वाले काल सोमानी कौन हैं?

 

योगराज सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने अर्जुन तेंदुलकर के भविष्य को लेकर पूरी दुनिया के सामने एक बड़ी चुनौती पेश कर दी। उन्होंने कहा, 'अगर अर्जुन को कोई नहीं खिला सकता तो उसे मेरे पास भेजो। मैं दुनिया को चैलेंज करता हूं कि अगर अर्जुन मेरे साथ सिर्फ 6 महीने बिता ले तो वह दुनिया के तमाम बल्लेबाजों को पीछे छोड़ देगा। अगर मैं उसे बेस्ट नहीं बना पाया तो अपनी दाढ़ी कटवाकर फेंक दूंगा।'

IPL 2026 में LSG की जर्सी में दिखेंगे अर्जुन तेंदुलकर

IPL 2026 सीजन से पहले, अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस (MI) से लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में 30 लाख रुपये की मौजूदा कीमत पर ट्रेड किया गया था। अर्जुन तेंदुलकर ने 2023 में अपना IPL डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने 5 IPL मैचों में 114 रन बनाए हैं और 13 विकेट लिए हैं।