उत्तर प्रदेश में पोस्टर के माध्यम से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दबाव की सियासत शुरू हो चुकी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जहां कहते हैं कि 'बात सीट की नहीं, जीत की होनी चाहिए।' वहीं लखनऊ में कांग्रेस ने पार्टी दफ्तर के बाहर '200 सीट हक है हमारा' वाला पोस्टर लगा दिया है। इसे सपा पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
यूपी चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस में सीटों का मंथन चल रहा है। हालांकि अभी तक कोई सहमति नहीं बनी है। खबर है कि कांग्रेस ने सपा को 200 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। हालांकि सपा इतनी सीटों पर राजी नहीं है।
यह भी पढ़ें: जिनका युद्ध से मतलब नहीं, उन्हें भी कीमत चुकानी पड़ रही- विदेश मंत्री जयशंकर
वायरल पोस्टर में क्या दिख रहा है?
वायरल पोस्टर में सबसे ऊपर सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा की फोटो लगी है। उसके नीचे हाथ का पंजे का निशान बना है। नीचे लिखा है, '200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा।' एक साइड में राहुल गांधी की बड़ी तस्वीर लगी है। दूसरी तरफ इमरान मसूद, अनुराधा मिश्रा मोना और राजेंद्र पाल गौतम का फोटो लगा है।
सपा से बराबरी चाहती है कांग्रेस
कांग्रेस यूपी में आधी सीटें मांग रही है। राज्य में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस की भूमिका सीमित और छोटे पार्टनर के तौर पर थी। अबकी बार कांग्रेस बराबरी चाहती है। हालांकि यह स्थिति समाजवादी पार्टी के लिए असहज करने वाली है। 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन अपने पिछले से बेहतर रहा है। पार्टी को छह सीटों पर जीत मिली। 38 विधानसभा क्षेत्र में बढ़त बनाई और 42 पर दूसरे स्थान पर रही। इसी आधार पर कांग्रेस 200 सीटों पर दावा ठोंक रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश: 6 मंजिल की सीमा, फिर कैसे खड़ी हुईं ऊंची इमारतें?
पिछले चुनाव में कैसे था कांग्रेस का प्रदर्शन?
यूपी में कांग्रेस पहले जहां 150 सीटों पर दावा कर रही थी। अब उसकी मांग बढ़कर 200 हो गई। कांग्रेस का कहना है कि 150 सीटों से कम उसे कुछ भी स्वीकार नहीं है। मगर ताजा बढ़ी 50 सीटों ने सपा को असहज स्थिति में डाल दिया है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन पार्टी को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली।
