कोलकाता में शनिवार को दुर्गा पूजा के सामुदायिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भीड़ अधिक होने जाने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। अब तक 17 लोगों की जान गई है। वहीं 15 घायलों का कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल की है। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने भगदड़ में 17 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की।

 

पुलिस ने बताया कि चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर लोगों की भीड़ लगी थी। तभी बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए भीड़ आगे की तरफ बढ़ने लगी। कुछ लोग धक्का-मुक्की में सड़क पर गिर पड़े। इससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गंभीर हालत में कम से कम 35 लोगों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।

 

आज शाम करीब 7:40 बजे बारिश के बीच पंडाल घूमने आए लोगों की भारी भीड़ के कारण गिरीश पार्क थाने के तहत शारदा पार्क (चोरबागान) पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई। अब इस पूजा पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए एमसीएच (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेज दिया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार लगभग 35 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। - कोलकाता पुलिस।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: जड़ी-बूटी दी और कहा- बेटा होगा; बेटी हुई तो जीशान-हाशिम ने पुजारी को मार डाला

 

पीएम मोदी ने जताया शोक, आर्थिक मदद की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि कोलकाता में मची भगदड़ अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। इसके अलावा पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50 हजार रुपये देने का एलान किया। 

सीएम सुवेंदु पहुंचे अस्पताल

कोलकाता पुलिस ने लालबाजार कंट्रोल रूप में हेल्पलाइन शुरू की है। इन नंबरों 18003455678 और 03322141310 पर कॉल करके लोग घटना से जुड़ी जानकारी और सहायता ले सकते हैं। मौके पर आपदा टीम के अलावा पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी पहुंच चुकी हैं। पूजा पंडाल को फिलहाल बंद कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीएम सुवेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

कल बंगाल जाएंगे अमित शाह, घायलों से मिलेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दुःखद समाचार मिला। इस संबंध में मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी से बात की। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा। मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

राज्यपाल ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, 'कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में बहुमूल्य जानों के नुकसान से गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

 

प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?

भगदड़ के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर ले जाया गया है। मैंने अपने चारों ओर यही सब देखा है। वहां भारी भीड़ थी।

गहरा सदमा पहुंचा है: ममता बनर्जी

घटना पर राज्य की पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले।

 

यह भी पढ़ें: पत्नी को मारा, खुद भी फांसी लगाई; सॉफ्टवेयर इंजीनियर का खौफनाक कदम

बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना: कुणाल घोष

टीएमसी नेता कुणाल घोष ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तरी कोलकाता के चोरबागान पूजा में एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज ले जाने का काम चल रहा है। यह घटना कैसे या क्यों हुई, इस पर बाद में बात की जाएगी, लेकिन अभी हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। हम पुलिस प्रशासन से अपील करते हैं कि हमारे कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं। अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए। हम पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। पंडाल के अंदर अभी भी राहत और बचाव कार्य की जरूरत है। पूजा के समय यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।