संजय सिंह, पटना। बिहार के सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बराढी गांव में प्रेम प्रसंग में एक 28 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। युवक को फोन कर घर से बुलाया गया और इसके बाद उसके उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

 

मृतक की पहचान बराढी गांव निवासी लालबदन सिंह के बेटे शैलेंद्र कुमार (28) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक शैलेंद्र का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। बीती रात उसे किसी ने फोन कर बुलाया। परिवार का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी, जिसके तहत उसे लड़की के घर के पास बुलाकर कुछ लोगों ने घेर लिया और बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें: एक ही छत के नीचे 53 लड़कियों की मौत, इजरायल ने मचाई भीषण तबाही

प्रेमिका से मिलने गया, घात लगाकर बैठे थे लोग

परिजनों का कहना है कि शैलेंद्र रात करीब दो बजे युवती के घर के समीप पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शैलेंद्र अचेत अवस्था में पड़ा था। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता लालबदन सिंह ने इसे योजनाबद्ध हत्या बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि प्रेम संबंध से नाराज लोगों ने साजिश रचकर उनके बेटे को मौत के घाट उतारा है।

परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज

घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा। परिजनों के आवेदन पर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक को फोन कर बुलाए जाने की बात सामने आई है। कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'अमेरिका अपराधी है', ईरान पर हमलों से क्यों भड़के भारत के शिया धर्मगुरु?

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।