गुजरात के वडोदरा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। गुरुवार को एक लग्जरी बस के ऑटोमेटिक दरवाजे में सात साल के बच्चे की गर्दन फंसने के चलते उसकी मौत हो गई। CCTV फुटेज से पता चला है कि खेलते-खेलते ही यह बच्चा बस के दरवाजे में फंस गया था और उसकी गर्दन दरवाजे के प्रेशर से कुचल गई। पुलिस का कहना है कि संभवत: यह बच्चा दरवाजे में बने थोड़े से गैप से निकलने की कोशिश कर रहा था और उसी में फंस गया। इस मामले की जांच के लिए फरेसिंक एक्सपर्ट और बस की कंपनी के एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।
CCTV फुटेज में देखा गया है कि दरवाजे में बच्चे की गर्दन फंसने के चलते वह तड़पने लगा था और बेहोश हो गया था। गैराज के दो कर्मचारी आए और दरवाजे को धक्का देकर उसे बड़ी मुश्किल से निकाला। हालांकि, जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो वहां बताया गया कि बच्चे की मौत पहले ही हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: बेटी और उसके प्रेमी ने रची साजिश, मां का सिर काटकर नहर में फेंकी लाश
बच्चे के पिता ने क्या बताया?
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे के पिता ने कहा है, 'मैंने CCTV कैमरे में देखा तो मुझे पता चला कि दरवाजे में उसका सिर आ गया है। मैंने देखा कि पहले ड्राइवर उतरता है, फिर वह दरवाजे को बंद करता है। फिर दूसरी तरफ के दरवाजे को बंद करता है और फिर शायद चाय पीने या कहीं तो जाता है। हमें वह बच्चा लटका ही दिखता है। वह कैसे गया और कैसे चढ़ा, यह CCTV में नहीं दिखता है। अगर पूरा CCTV फुटेज मिल जाए तो पता चले।' उन्होंने बताया है कि बच्चे का नाम दिवेश कुमार था।
इस घटना के बारे में डीसीपी अभिषेक गुप्ता ने बताया है, 'कपूराई थाना क्षेत्र में एक गैराज के पास एक लग्जरी बस रुकी थी। CCTV देखकर गैराज के मालिक को पता चला कि एक बच्चे का गला बस के दरवाजे में फंस गया है। उन्होंने अपने गैराज पर फोन करके उस बच्चे की मदद करने को कहा। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि दरवाजे को हाइड्रोलिक लॉक किया गया था। उसमें प्रेशर करने पर वह पूरा तो नहीं खुलता है लेकिन थोड़ा सा खुलता है। शायद उस बच्चे ने उसी में से जाने का प्रयास किया।'
यह भी पढ़ें: हैदराबाद: हाई स्पीड में कार चला रहा था सांसद का बेटा, टक्कर से महिला की मौत
उन्होंने आगे बताया, 'फिर भी हम हर एंगल से इसकी जांच कर रहे हैं। वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा करने के लिए हमने फरेंसिक और गाड़ी की कंपनी के एक्सपर्ट को भी बुलाया है। हम सीन रीक्रिएट करके देखेंगे कि दरवाजा इस तरह से खुलता है कि नहीं खुलता है। हमने CCTV फुटेज भी चेक की है और DVR को सीज कर लिया है।'
