उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस पर बड़ा हादसा हो गया। यहां कार्यक्रम के दौरान एक स्कूल का छज्जा ढह गया। हादसे में 8 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। वहीं दो अन्य बच्चे घायल हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्कूल में ध्वजारोहण के बाद स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। आसपास के लोग छतों से कार्यक्रम देख रहे थे। कुछ बच्चे स्कूल के मुख्य गेट के ऊपर बने छज्जे पर चढ़कर कार्यक्रम देखने में जुटे थे। वजन अधिक होने के कारण छज्जा ढह गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है।
घटना संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव के अल हसनैन पब्लिक स्कूल की है। जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान 8 वर्षीय निजामुद्दीन के तौर पर हुई है। वहीं दो अन्य घायल बच्चों सैफ अली (11) और शैदाना (10) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: 'मुझे प्रॉफिट नहीं चाहिए', PM मोदी के फ्री कोचिंग के एलान पर बोले अलख पांडेय
कार्यक्रम छोड़ घटनास्थल पर पहुंचे एसपी और डीएम
उधर, पुलिस लाइन में भी स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अंकित खंडेलवाल और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई कार्यक्रम छोड़ तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि प्रशासन के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन सभी को सामुदायकि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने निजामुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने कार्रवाई से किया मना
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। दो घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। परिवार ने कार्रवाई से इनकार किया है। स्कूल की इमारत 20 साल पुरानी है। अधिक भार के कारण छज्जा टूट गया है। निजामुद्दीन के पिता मोहम्मद नईम ने स्कूल के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने से मना कर दिया। उनका कहना है कि शायद बच्चे की जिंदगी इतनी ही थी। मोहम्मद नईम तीन बच्चों के पिता हैं। निजामुद्दीन उनका इकलौता बेटा था।
यह भी पढ़ें: '80 साल पहले हमारे नेताओं ने सही फैसला लिया था', 15 अगस्त पर बोले उमर अब्दुला
अपने स्कूल की जगह चचेरे भाई के स्कूल गया था निजामुद्दीन
बताया जा रहा है कि निजामुद्दीन किसी दूसरे स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता था। स्वतंत्रता दिवस पर वह अपने स्कूल की जगह चचेरे भाई के स्कूल चला गया। यहीं पर उसके साथ इतना बढ़ा हादसा हुआ कि जिंदगी तक गंवानी पड़ी। संभल के डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि बच्चे छज्जे पर चढ़े थे। निजामुद्दीन छज्जे के नीचे खड़ा था। वजन अधिक होने के कारण छज्जा टूट गया। मलबा में दबने से बच्चे की मौत हो गई। दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
