पंजाब के जालंधर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की 6 फरवरी की सुबह सरेआम हत्या कर दी गई। यह वारदात शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन के पास हुई। घटना के वक्त ओबेरॉय अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक, यह हमला सुबह करीब 7:50 बजे हुआ। लकी ओबेरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में अरदास करने के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें: जालंधर: AAP नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या
अस्पताल में मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने वारदात के लिए आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। फायरिंग इतनी जबरदस्त थी कि उनकी काली थार गाड़ी के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। गोली लगने के कारण वह जमीन पर गिर पड़े। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन कई गोलियां लगने की वजह से उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। आसपास खड़े लोगों का कहना है कि उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया कि अचानक हो क्या गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया है। जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर रंधावा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लकी ओबेरॉय ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। साथ ही हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। अभी तक हत्या के पीछे की असल वजह साफ नहीं हो पाई है लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
